vidhan bhavan
File Photo

Loading

अकोला. भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने शनिवार (16 मार्च) को लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections 2024) के तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होंगे और मतगणना चार जून को होगी। जबकि, महाराष्ट्र में पांच चरण में चुनाव होंगे। इसी बीच निर्वाचन आयोग ने अकोला पश्चिम विधानसभा चुनाव क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा कर दी है।

कुछ महीने पहले अकोला पश्चिम विधानसभा चुनाव क्षेत्र के विधायक गोवर्धन शर्मा के निधन के चलते यह पद रिक्त हुआ था। यहां उपचुनाव 26 अप्रैल को होगा। इसी दिन अकोला लोकसभा चुनाव क्षेत्र के लिए भी मतदान होगा। इसके लिए सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस लोकसभा चुनाव क्षेत्र से अनूप धोत्रे को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह वंचित बहुजन आघाड़ी के नेता एड. प्रकाश आंबेडकर का भी चुनाव लड़ना तय है। हालांकि, महाविकास आघाड़ी द्वारा अभी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

गौरतलब है कि दिवंगत गोवर्धन शर्मा ने इस चुनाव क्षेत्र से लगातार 6 बार विधायक के रूप में चुनाव जीता था। अब विधानसभा का यह उपचुनाव कुछ माह के लिए ही होने जा रहा है, क्योंकि यह कार्यकाल 26 अक्टूबर 2024 तक रहेगा। इस तरह फिलहाल अब नये विधायक को एक वर्ष का कार्यकाल भी नहीं मिलेगा। अब इस उप चुनाव को लेकर इच्छुक उम्मीदवारों में हलचल मच गई है। क्योंकि सिर्फ कुछ माह के लिए चुनाव के सामने जाना आसान नहीं है।

उप चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा, कांग्रेस, राकां के दोनों गुट, शिवसेना के दोनों गुट और वंचित बहुजन आघाड़ी आदि राजनीतिक पार्टियों में चिंतन का दौर शुरू हो गया है। गोवर्धन शर्मा ने पिछले 6 चुनाव में लगातार जीत हासिल की थी। उस अनुसार यह चुनाव क्षेत्र भाजपा के लिए एक आह्वान है कि नये उम्मीदवार के साथ कैसे इस गढ़ को कायम रखें। इस तरह अब महाविकास आघाड़ी की घटक पार्टियों ने भी चर्चाएं शुरू कर दी हैं।