Nitin Gadkari Voting

Loading

नागपुर. भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने शनिवार (16 मार्च) को लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections 2024) के तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होंगे और मतगणना चार जून को होगी। जबकि, महाराष्ट्र में पांच चरण में चुनाव होंगे। इसमें पहले चरण में नागपुर समेत रामटेक, भंडारा-गोंदिया, गडचिरोली-चिमूर और चंद्रपुर लोकसभा क्षेत्र में मतदान होगा।

महाराष्ट्र में कब और कहां मतदान?

  1. पहला चरण (19 अप्रैल)- रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गडचिरोली-चिमूर, चंद्रपुर
  2. दूसरा चरण (26 अप्रैल)- बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल-वाशिम, हिंगोली, नांदेड़, परभणी
  3. तीसरा चरण (7 मई)- रायगड़, बारामती, धाराशिव, लातूर, सोलापुर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, हटकनंगले
  4. चौथा चरण (13 मई)- नंदुरबार, जलगांव, रावेर, जालना, छत्रपति संभाजीनगर, मावल, पुणे, शिरूर, अहमदनगर, शिरडी, बीड
  5. पांचवां चरण (20 मई)- धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई के सभी छह लोकसभा क्षेत्र

2014 से नागपुर के सांसद है गडकरी  

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नागपुर लोकसभा क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को टिकट दिया है। पार्टी ने गडकरी को तीसरी बार इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। एक समय कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। 1977 से लेकर 2014 तक यहां से कांग्रेस का उम्मीदवार बिना किसी परेशानी से जीतकर सांसद बनता था। हालांकि, 1996 में यह सीट भाजपा के पास गई थी। लेकिन इसके बाद यह सीट भाजपा के हाथ कभी नहीं लगी। लेकिन 2014 से कांग्रेस को यहां हार का मुंह देखना पड़ रहा है।

2014 के चुनाव में गडकरी ने नागपुर से चार बार के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार को सवा दो लाख से अधिक वोटो से हराया था। जबकि, 2019 में गोंदिया-भंडारा लोकसभा सीट से सांसद रहे नाना पटोले को दो लाख से अधिक वोटों से हार का स्वाद चखाया। मुत्तेमवार 1998 से 2014 तक नागपुर के सांसद रहे हैं।

बता दें कि नागपुर में मतदाताओं की संख्या 22 लाख से अधिक है। जिसमें हिन्दू, मुस्लिम और बौद्ध प्रमुख हैं। जबकि, क्रिश्चन, सिख और जैन धर्म के वोटरों की संख्या भी ठीक-ठाक है। इसमें मुस्लिम और बौद्ध सहित हिन्दुओ में दलित, कुनबी और हलबा कांग्रेस के पारंपरिक वोटर हैं। उन्हीं के बदौलत कांग्रेस का उम्मीदवार यहां से चुनाव जीतकर सांसद बनता रहा।

गडकरी के खिलाफ कांग्रेस के इन नेताओं का नाम चर्चा में

फिलहाल, कांग्रेस गडकरी के खिलाफ कोई बड़े नेता की तलाश में है। कांग्रेस ने अभी तक इस सीट के लिए उम्मीदवार का नाम फाइनल नहीं किया है। कोंग्रेस सूत्रों की माने तो गडकरी के खिलाफ लड़ने के लिए 38 नेताओं ने इच्छा जाहिर की है। लेकिन इनमें से केवल तीन नामों पर गौर किया जा रहा है। जिनमें विधान परिषद् विधायक अभिजीत वंजारी, प्रदेश महासचिव प्रफुल गुडधे पाटिल और विलास मुत्तेमवार के बेटे विशाल मुत्तेमवार शामिल। हालांकि, प्रफुल गुडधे पाटिल का नाम टॉप पर चल रहा है।

BJP ने मुनगंटीवार, तडस और धोत्रे पर जताया विश्वास

भाजपा ने चंद्रपुर लोकसभा क्षेत्र से महाराष्ट्र सरकार के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, वर्धा लोकसभा क्षेत्र से सांसद रामदास तडस और अकोला लोकसभा क्षेत्र से अनूप धोत्रे को टिकट दिया है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक विदर्भ की अन्य सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।

बावनकुले ने भंडारा-गोंदिया और गडचिरोली सीट पर किया दावा

उधर, महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को भंडारा-गोंदिया और गडचिरोली सीट पर दावा कर अजित पवार गुट और एकनाथ शिंदे गुट का टेंशन बढ़ा दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि महायुति के तीनों नेता एक साथ आएंगे और जल्द ही बाकी सीटों पर भी सहमति बन जाएगी और उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। 

4 चरणों में हुआ था 2019 का चुनाव

गौरतलब है कि 2019 में महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटों के लिए 4 चरणों में मतदान हुआ था। पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल 2019 को हुआ था, जबकि, दूसरे चरण का चुनाव 18 अप्रैल 2019 को हुआ था। वहीं, तीसरे और चौथे चरण का चुनाव क्रमशः 23, 29 अप्रैल 2019 को हुआ था। चुनाव के परिणाम 23 मई 2019 को घोषित किए गए थे।