AUR Municipal Elections 2022

    Loading

    औरंगाबाद: जल्द होनेवाले औरंगाबाद महानगरपालिका चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा युध्दस्तर पर तैयारियां जारी है। इन्हीं तैयारियों में राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission) के निर्देश पर औरंगाबाद महानगरपालिका प्रशासन (Aurangabad Municipal Administration) ने वार्ड संरचना की अंतिम अधिसूचना जारी की। अंतिम अधिसूचना जारी करने से पूर्व उसमें 30 संशोधन (Amendments) किए गए। जिनमें 21 संशोधन  प्रभाग के सीमाओं के संदर्भ में किए गए, वहीं 9 संशोधन प्रभाग के नाम, उसकी सीमा और विवरण को लेकर किए गए। यह जानकारी औरंगाबाद महानगरपालिका चुनाव विभाग के प्रमुख और उपायुक्त संतोष टेंगले ने यहां दी।

    उन्होंने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर बहुसदस्यीय वार्ड संरचना की अंतिम अधिसूचना असाधारण गैजट में प्रकाशित की गई है। 22 जून 2022 को वार्ड संरचना को लेकर दाखिल किए गए 324 आक्षेपों पर शहर के मौलाना आजाद रिसर्च सेंटर में राज्य चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए पुणे के पंजीकरण महानिरीक्षक किरण हार्डिकर के प्रमुख उपस्थिति में सुनवाई की गई थी। सुनवाई के बाद नागरिकों द्वारा दाखिल किए गए सुझाव आक्षेपों पर हार्डिकर ने 21 प्रभागों की सीमाओं में संशोधन करने के अलावा 9 प्रभागों के नाम, उसकी सीमा और विवरण में संशोधन करने की रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को सौंपी थी। 

    हार्डिकर की रिपोर्ट को राज्य चुनाव आयोग ने किया मान्य

    हार्डिकर की रिपोर्ट को राज्य चुनाव आयोग ने मान्य करते हुए महानगरपालिका प्रशासन को पत्र लिखकर  30 संशोधन करने के निर्देश दिए थे। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर महानगरपालिका अधिकारियों ने वार्ड संरचना में 30 संशोधन किए। इससे पूर्व हार्डिकर ने दिए सुझाव पर चुनाव आयोग के जीआईएस यूनिट ने अध्यनकर मैप तैयार कर उसमें संशोधन करने के निर्देश महानगरपालिका के चुनाव विभाग को लिखित रुप में दिए थे। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर महानगरपालिका ने 30 संशोधन कर अंतिम वार्ड की संरचना तैयार कर उसे राज्य चुनाव आयोग के पास पेश किया था। उसे चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार शाम अंतिम मंजूरी देने के बाद बुधवार को उसे जनता के लिए जारी किए जाने की जानकारी उपायुक्त संतोष टेंगले ने दी। 

    इन प्रभागों में किया गया संशोधन 

    उपायुक्त टेंगले ने बताया कि जिन 21  प्रभागों के सीमाओं में सुधार किया गया, उनमें प्रभाग क्र. 01-02-10, प्रभाग क्र. 11-14-16, 17-21-22, प्रभाग क्र. 23-24-25, प्रभाग क्र. 27-29-31, प्रभाग क्र. 32-33-34, प्रभाग क्र. 39-41-42 शामिल है। वहीं, जिन 9 प्रभागों में नाम, उसकी सीमा और विवरण में संशोधन किए गए उनमें प्रभाग क्र. 05-07-12-17-19-22-25-27-33  शामिल है। उधर, मनपा सूत्रों ने बताया कि वार्ड की अंतिम संरचना जारी करने के बाद चुनाव आयोग जल्द प्रभागों के आरक्षण पर निर्णय ले सकता है। उसके बाद  वोटर लिस्ट पर काम होगा। यह काम पूरा होने के बाद राज्य चुनाव आयोग दीपावली के बाद महानगरपालिका चुनाव की घोषणा करने के आसार है। 

    महिलाओं का रहेगा राज 

    गौरतलब है कि आगामी औरंगाबाद महानगरपालिका चुनाव में 126 सदस्यों का चयन किया जाएंगा। उसके लिए तीन वार्ड का एक प्रभाग बनाया गया है। इस तरह कुल 42 प्रभाग रहेंगे। एक प्रभाग से तीन सदस्यों का चयन किया जाएगा। कुल 126 वार्डों में 26 वार्ड एससी, और एसटी के लिए आरक्षित रहेंगे। जिसमें 24 वार्ड एससी और 2 वार्ड एसटी के लिए आरक्षित रहेंगे। कुल 26 आरक्षित वार्डों में 12 वार्ड एससी महिलाएं और 2 वार्ड एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। बचे 100 वार्ड में 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इस तरह कुल 126 वार्ड में 63 महिलाएं आगामी महानगरपालिका में चयन होगा। बचे ओपन 50 वार्ड में भी महिलाएं चुनाव लड़ सकती है। ओपन 50 वार्ड में 5 से 8 महिलाओं का चयन होगा तो कुल 126 वार्डों में से 70 महिलाएं आगामी महानगरपालिका चुनाव में सदस्य चूनी जा सकती। जिससे यह साफ हो रहा है कि आगामी महानगरपालिका चुनाव के बाद औरंगाबाद महानगरपालिका पर महिलाओं का राज रहेगा।