Demand not to strictly implement the Gandhewari scheme in the city till the municipal elections are held: Congress

    Loading

    औरंगाबाद : कोरोना महामारी (Corona Epidemic) प्रकोप के चलते गत दो सालों से लोग रोजगार को लेकर काफी परेशान है। इसी दरमियान महानगरपालिका प्रशासन (Municipal Administration) गुंठेवारी योजना सख्ती से लागू करने के लिए शहरवासियों पर दबाव बना रही है। कोरोना महामारी के कारण ही महानगरपालिका चुनाव (Municipal Elections) गत डेढ़ साल से स्थगित है।

    जब तक महानगरपालिका चुनाव संपन्न नहीं हो जाते तब तक तक शहर में गुंठेवारी योजना लागू करने के लिए सख्ती ना करने की मांग शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने राज्य के मुख्यमंत्री उध्दव ठाकरे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण, उच्च और चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख, उर्जा मंत्री डॉ. नितिन राउत को ज्ञापन भेजकर की। 

    कांग्रेस  शहराध्यक्ष हिशाम उस्मानी के नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश मुगदिया, पूर्व मंत्री अनिल पटेल ने  मुंबई में उच्च और चिकित्सा शिक्षा मंत्री और जिले के संपर्क मंत्री अमित देशमुख से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा कर उन्हें भी ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेसियों ने बताया कि महाविकास आघाडी सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श पर चलनेवाली सरकार है। जनता को इस सरकार से काफी अपेक्षाएं है।  कांग्रेस द्वारा साल 2020 तक शहर में स्थापित सभी अवैध बस्तियों को लिगल करने के लिए गुंठेवारी योजना लागू करने की मांग कुछ माह पूर्व की गई थी। राज्य  सरकार ने कांग्रेस की  मांग पर शहर में गुंठेवारी योजना लागू की। 

    महानगरपालिका प्रशासन के सख्ती पर लगे रोक 

    राज्य के सीएम और अन्य मंत्रियों के नाम भेजे ज्ञापन में कांग्रेसियों ने बताया कि कोरोना महामारी के प्रकोप के चलते व्यापार पूरी तरह ठप है। महानगरपालिका चुनाव भी गत डेढ़ साल से नहीं हो पाए। नगरसेवकों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद महानगरपालिका पर प्रशासक की नियुक्ति की गई। वर्तमान में जनप्रतिनिधि न होने के कारण गुंठेवारी को लेकर कोई भी बड़ा निर्णय लेना लोकतंत्र मार्ग से उचित नहीं है। 

    प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय की चेतावनी से नागरिकों की निंद हराम 

     पिछले कुछ दिनों से महानगरपालिका प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय शहरवासियों को चेता रहे है कि वे 31 अक्टूबर 2021 तक अपने घरों को नियमित करा ले, वरना उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय की इस चेतावनी से शहर के  जनता की निंद हराम है।  आस्तिक कुमार पांडेय के चेतावनी पर कांग्रेसियों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बताया कि कोरोना महामारी से मामूली राहत मिली थी कि शहर में बारिश ने कई बार कहर बरपाने से गुंठेवारी इलाकों के बस्तियों के सैकड़ों घरों में पानी  ने हाहाकार मचाकर लाखों रुपए का नुकसान किया।

    लोग कोरोना के बाद बारिश के कहर से परेशान है। ऐसे में प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय द्वारा घरों पर बुलडोजर चलाने की  दी गई धमकी से जनता में बेचैनी है। कांग्रेस ने महानगरपालिका कमिश्नर के कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की जांच करने की मांग भी सरकार से की। अंत में शहर कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि हर बस्ती के नागरिकों को अपने घर नियमित करने के लिए 4 से 6 चरण तय किए जाए। आरंभ में जनता को आवेदन करने के लिए 3 से 4 माह का समय देना चाहिए।  जनता में गुंठेवारी को लेकर जनजागृति करने की मांग भी करते हुए इस योजना को महानगरपालिका चुनाव होने तक अधिक सख्ती ना करने की मांग की।