Bulli Bai APP Case Updates : Mumbai Police arrests one more student in 'Bulli Bai' app case, Police Commissioner will make a big disclosure this afternoon
File Photo:ANI

    Loading

    मुंबई: बुली बाई ऐप (Bulli Bai APP) मामले में  मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में एक और छात्र (Student) को गिरफ्तार (Arrest) कर लिया है। इस मामले में आज दोपहर मुंबई पुलिस बड़ा खुलासा करेगी। बताया जा रहा है कि, केस को लेकर मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नगराले बुधवार दोपहर करीब 1 बजे प्रेस कांफ्रेंस कर मामले में की गई अब तक की जांच और मुंबई पुलिस को केस में मिली कामयाबी को लेकर बातचीत करेंगे। वहीं इस ऐप से जुड़े कई और खुलासे होने की भी उम्मीद की जा रही है।  

    मुंबई साइबर पुलिस ने ‘बुली बाई’ ऐप मामले में उत्तराखंड से एक और छात्र को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मयंक रावल (21) नामक छात्र को बुधवार तड़के उत्तराखंड से पकड़ा गया। मुंबई पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने पहले इस मामले में मुख्य आरोपी श्वेता सिंह (19) को उत्तराखंड से और इंजीनियरिंग के छात्र विशाल कुमार झा (21) को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।

    मुंबई पुलिस ने ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म ‘गिटहब’ पर डाले गए ‘बुली बाई’ ऐप पर ‘नीलामी’ के लिए, अनुमति लिए बिना सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की फर्जी तस्वीरें अपलोड किए जाने से संबंधित शिकायतों के बाद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। वास्तव में ऐसी कोई ‘नीलामी’ या ‘बिक्री’ नहीं हुई थी लेकिन प्रतीत होता है कि इस ऐप का उद्देश्य निशाना बनाई गईं महिलाओं को अपमानित करना और उन्हें डराना था। इनमें कई महिलाएं सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रही हैं। मुंबई साइबर पुलिस थाना ने ऐप के अज्ञात डेवलपर्स और इसे बढ़ावा देने वाले ट्विटर हैंडल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। 

    इससे पहले मुंबई पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद केस में मुंबई साइबर सेल ने छात्र विशाल कुमार झा को सोमवार को बेंगलुरु से पकड़ा था और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने झा को 10 दिनों की हिरासत में देने और बेंगलुरु में उसके परिसरों की तलाशी लेने की अदालत से अनुमति मांगी। मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र विशाल कुमार झा को मंगलवार को 10 जनवरी तक के लिए मुंबई पुलिस की हिरासत में भेज दिया था। 

    वहीं मंगलवार को मुंबई साइबर पुलिस के एक दल ने उत्तराखंड से एक युवती को हिरासत में लिया था। युवती को इस मामले में मुख्य आरोपी माना जा रहा है। युवती पर इस ऐप से संबंधित कई खाते संचालित करने का संदेह है।  एक अधिकारी ने बताया कि, अपराध शाखा का एक दल उत्तराखंड में है और महिला से पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि, महिला को ट्रांजिट रिमांड के लिए एक अदालत में पेश किया जाएगा और इसके बाद मुंबई लाया जाएगा।  बताया जा रहा है कि, युवती और आरोपी छात्र कथित तौर पर एक-दूसरे को जानते हैं।