मुंबई : मुंबई (Mumbai) में भले ही एक्टिव कोविड मरीजों (Active Covid Patients) का ग्राफ (Graph) गिर रहा है, लेकिन अब भी राज्य के सबसे अधिक 27 फीसदी सक्रिय कोविड मरीज मुंबई में हैं। अधिकारियों (Officials) की माने तो जनसंख्या अधिक होने के कारण शहर में अब भी 200 से 250 नए कोविड केस (Covid Case) मिल रहे हैं।
मुंबई सहित पूरे राज्य में कोविड के नए स्ट्रेन ‘ओमीक्रॉन’ की चिंता सता रही है, लेकिन दूसरी ओर राज्य में कोविड पूरी तरह कंट्रोल में है। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार 27 नवंबर तक राज्य में 8237 एक्टिव मरीज है, जिसमें से सबसे अधिक मुंबई में 2250, पुणे में 2077, ठाणे में 1060, अहमदनगर में 802, नाशिक में 396 एक्टिव कोविड मरीज हैं। मुंबई की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंगला गोमारे ने बताया कि मुंबई में सबसे अधिक कोविड टेस्टिंग हो रही है, जनसंख्या को देखते हुए केसेस भी मिल रहे हैं, लेकिन पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो कुल टेस्ट के 1 फीसदी या उससे भी कम लोग पॉजिटिव मिल रहे है। एक्टिव मरीजों की संख्या में भी गिरावट हो रही है।
एक्टिव केसेस में अच्छी गिरावट
मुंबई में एक्टिव मरीजों की संख्या में भी अच्छी गिरावट पिछले 7 दिनों में हुई है। 20 नवंबर को मुंबई में 3378 एक्टिव मरीज थे, लेकिन 27 नवंबर एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 2250 पर आ गई है। पुणे में 2163 से घटकर 2077, ठाणे में 1255 से घटकर 1060, नाशिक में 463 से कम हो कर 397 एक्टिव मरीज रह गए हैं।
50 हजार टेस्टिंग का टार्गेट
मुंबई में नए वेरिएंट के खतरे को देखते हुए महानगरपालिका टेस्टिंग पर अधिक जोर देने वाली है। मुंबई में फिलहाल 33 हजार से 38 हजार के बीच टेस्टिंग की जा रही है, अब महानगरपालिका रोजाना 50 टेस्टिंग करने का टार्गेट तय किया है।
विदेश से आनेवालों और उनके संपर्क पर रहेगी नजर
विदेश से आनेवाले पर महानगरपालिका अब पैनी नजर रखने वाली है। विदेश से आनेवाले हर व्यक्ति का आरटीपीसीआर किया जाएगा, उसे 7 दिन के लिए रिचर्डसन एंड क्रूडास क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। उसके बाद व्यक्ति को 10 दिन के लिए होम क्वारंटाइन रहना पड़ेगा। 7 दिन भी आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा यदि पहले या 7वें दिन कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग की जाएगी। इसके अलावा विदेश से आनेवाले व्यक्ति से पिछले 14 दिन की ट्रैवेल हिस्ट्री ली जाएगी।