मुंबई पुलिस की टीम पर हमला, छेड़छाड़ मामले के आरोपी को गिरफ्तार करने गई थी टीम

Loading

  • छेड़छाड़ के आरोपी ने पुलिस टीम पर किया हमला
  • गिरफ्तारी के दौरान आक्रामक हो गया आरोपी
  • पुलिस की गिरफ्त में है आरोपी
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) में पुलिस (Police) टीम पर हमले (Attack) की खबर सामने आयी है। छेड़छाड़ मामले के एक आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला किया है। पुलिस संबंधित मामले में उसे गिरफ्तार करने गई थी। ऐसे में अब सवाल ये है कि क्या अपराधियों के बीच अब मुंबई पुलिस का खौफ कम हो रहा है।
 
आरोपी को पकड़ने गई पुलिस की टीम
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए बोरीवली पुलिस थाने की एक टीम मंगलवार को महेश मोहन शेट्टी (40) उर्फ कोलू को पकड़ने के लिए रत्नाबाई चॉल गई।   
 
 
पिछले साल का है मामला
पुलिस ने बताया कि महेश के खिलाफ पिछले साल छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान शेट्टी आक्रामक हो गया और उसने सिपाही स्वप्निल शरद पवार को लात मारी और पत्थर से उन पर हमला किया, जिससे इलाके में हंगामा मच गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने शेट्टी को काबू कर पकड़ लिया और बोरीवली पुलिस थाने ले आई।
 
आरोपी को किया गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि शेट्टी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल करना) और मुंबई पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शेट्टी के खिलाफ अपहरण और बलात्कार समेत कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि उसे पहले मुंबई पुलिस के जोन-11 की सीमा से बाहर कर दिया गया था, जिसमें गोरेगांव, बोरीवली और कांदिवली जैसे इलाके शामिल हैं।