कार और बाइक की बिक्री में गिरावट, डिमांड-सप्लाई में अंतर

    Loading

    मुंबई: पिछले दो वर्षों की तुलना में धनतेरस (Dhanteras) और दीपावली (Dipawali) के त्योहार को देखते हुए शहर में कार (Car) और बाइक (‍Bike) की बिक्री में गिरावट आई है। परिवहन विभाग से प्राप्त रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों के अनुसार धनतेरस और दिवाली डिलीवरी के लिए मुंबई (Mumbai) के विभिन्न शोरूम में 2,447 कारें और 6237 बाइक बुक की गईं। यह पिछले साल धनतेरस और दिवाली के दौरान खरीदी गई कारों की तुलना में 12% कम कार और 32% कम दोपहिया वाहन हैं। 

    आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष मात्र टाटा कार की बिक्री बढ़ी है, जबकि महिंद्रा,मारुति कार और अन्य वाहन कंपनियों की बिक्री पिछले साल के मुकाबले घट गई है।

    सेमी कंडक्टर की कमी का असर

    टाटा मोटर्स के डीलर सुरेंद्र उपाध्याय ने कहा कि टाटा मोटर्स के कारों की डिमांड बढ़ी है। लोग इलेक्ट्रिक कारें भी बड़ी संख्या में खरीद रहें हैं, परंतु सेमी कंडक्टर की भारी कमी से गाडियां ही कम आ रहीं हैं। इससे बिक्री प्रभावित हुई है। सुरेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि देश में मेक इन इंडिया का नारा तो लगता है, लेकिन आज भी जरुरी पार्ट सेमी कंडक्टर आयात करना पड़ रहा है। इसका गंभीर असर वाहन उद्योग पर पड़ा है। विशेषज्ञों के अनुसार, खरीदारों को नए वाहन खरीदने से रोकने वाले प्रमुख कारणों में से एक ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि भी है। पिछले डेढ़ साल में पेट्रोल की कीमतों में 51% और डीजल में 60% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। वैसे लोग इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों पर जोर दे रहे हैं। वैसे बिक्री में गिरावट इस साल दशहरे से शुरू हुई थी, जब डिलीवरी के लिए 2,818 कारों और 5,034 बाइकों का पंजीकरण किया गया था। इस दशहरे 2020 की तुलना में कारों की बिक्री 13% और दोपहिया वाहनों की बिक्री  39% तक कम हो गई थी। डीलरों के अनुसार डिमांड के आगे सप्लाई बेहद कम हो रही है।