Pollution mumbai

    Loading

    मुंबई : गल्फ (Gulf) से मुंबई (Mumbai) आए डस्ट स्टॉर्म (Dust Storm) को गए दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुंबई में प्रदूषण (Pollution) के स्तर में ज्यादा सुधार देखने को नहीं मिला है। गुरुवार को मुंबई की वायु गुणवत्ता 310 एक्यूआई (AQI) दर्ज की गई जो वेरी पूअर कैटेगरी में आती है। मुंबई को प्रदूषित कर डस्ट स्टॉर्म तो चला गया, लेकिन अपने साथ लाए धूल को वातावरण में ही छोड़ गया। 

    वायु गुणवत्ता की स्थिति पर नजर बनाए रखनेवाली सिस्टम ऑफ एयर क्वॉलिटी ऐंड वेदर फॉरकॉस्टिंग ऐंड रिसर्च (सफर) के निदेशक गुफरान बैग ने कहा कि धूल भरी आंधी 2 दिन पहले खत्म हो चुकी है, लेकिन जो प्रदूषक अंदर फंस गए हैं, वे ठंडे मौसम के कारण बने हुए हैं, अब जब तापमान में वृद्धि होगी और तेज हवाएं चलेंगी तब जाकर  हवा की क्वालिटी में सुधार की गुंजाइश है। 

    मुंबई में धीरे-धीरे बढ़ रहा तापमान

    दूसरी मौसम वैज्ञानिकों ने मुंबई में धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि होने की बात कही है, जिसका की गुरुवार से हो चुकी है। क्षेत्रीय मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई उपनगर का तापमान जो 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे था वो गुरुवार को 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे लुढ़का न्यूनतम तापमान कल 17.2 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम का आंकलन लगानेवाली संस्था स्काई मेट के प्रमुख मेट्रोलॉजिस्ट महेश पालावत ने कहा कि उत्तर से दक्षिण की ओर आनेवाली ठंडी हवाओं का प्रवाह अब कमजोर हो रहा है और दक्षिण पूर्व से आनेवाली गर्म हवाओं का प्रवाह प्रबल, ऐसे में तापमान में वृद्धि होना लाजमी है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।