Shiv Sena MP Gajanan Kirtikar
File Pic

    Loading

    मुंबई: महाविकास आघाड़ी सरकार के समय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के खिलाफ खुल कर अपनी नाराजगी जताने वाले शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर (Shiv Sena MP Gajanan Kirtikar) भी एकनाथ शिंदे गुट (Shinde Camp) में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री शिंदे की सांसद कीर्तिकर से मुलाकात के बाद इस चर्चा को बल मिला है। 

    पिछले सप्ताह कीर्तिकर के पैर की सर्जरी हुई थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से कीर्तिकर अपने घर पर ही आराम कर रहे हैं। कीर्तिकर ने राष्ट्रपति चुनाव में भी हिस्सा नहीं लिया था।

    मुलाकात के राजनीतिक मायने!

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को कुछ विधायकों के साथ शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर से उनके गोरेगांव स्थित आवास पर मुलाकात की। शिंदे ने भले ही इस मुलाकात को औपचारिक शिष्टाचार बताया है, लेकिन मुलाकात के राजनीतिक मायने लगाये जा रहे हैं। शिंदे ने बताया कि उन्होंने कीर्तिकर के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने और एक बार फिर राजनीतिक जीवन में सक्रिय होने की कामना की। इस अवसर पर विधायक संजय शिरसाट, विधायक डॉ. बालाजी किणीकर, गजानन कीर्तिकर के पुत्र अमोल कीर्तिकर और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे।

    निधि को लेकर की थी आलोचना

    शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर अभी भी पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ हैं, लेकिन महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान उन्होंने निधि को लेकर खुलेआम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की आलोचना की थी। कीर्तिकर ने आरोप लगाया था कि शिवसेना विधायकों के निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए निधि नहीं दी जा रही है। शिंदे की मुलाकात के बाद यह कयास लगाया जाने लगा है कि कीर्तिकर भी अपने बेटे की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए शिंदे खेमें में शामिल हो सकते हैं।