corona crisis

    Loading

    मुंबई:  मुंबई (Mumbai) सहित राज्य में कोरोना (Corona) के मामलों में अच्छी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को मुंबई में 2 हजार से कम और राज्य में 30 हजार से कम नए केस (New Cases) रिपोर्ट हुए हैं। हालांकि टेस्टिंग में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ऐसे में कोरोना से वाकई में राहत मिली है या नहीं ये आगामी दिनों में पता चलेगा।

    सोमवार को मुंबई में 34,301 टेस्टिंग के बाद 1857 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि राज्य में लगभग 1लाख 42 हजार टेस्टिंग के बाद 28,286 में कोविड की पुष्टि हुई है। जबकि रविवार को राज्य में 1.95 लाख टेस्टिंग हुई और 40,805 नए मरीज मिले थे। जबकि शहर में रविवार को 46 हजार टेस्टिंग करने के बाद 2550 लोग संक्रमित मिले थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो मुंबई में वैसे भी कोरोना के मामलों में गिरावट हो रही है। अब राज्य के आंकड़ों में आने वाले दिनों में गिरावट होती या वृद्धि यह देखना होगा।

     

    राज्य में 86 नए ओमीक्रोन मरीज

    राज्य में सोमवार को ओमीक्रोन के 86 नए मरीज मिले हैं। इसी के साथ कुल ओमीक्रोन मरीजों की संख्या 2845 तक पहुंच गई है।  मुंबई में उक्त वेरिएंट से ग्रसित कुल मरीजों की संख्या 1,010 हो गई है। राज्य में 2845 में से 1454 यानी 50 फीसदी मरीज ठीक हो कर घर लौटे चुके हैं।

    मुंबई में 13 मौत

    मुंबई सहित राज्य में कोविड से होनेवाली मौत के आंकड़ों में फिलहाल कोई सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। राज्य में सोमवार को 36 मरीजों ने दम तोड़ा है, जिसमें 13 की मृत्यु मुंबई में हुई है। डॉक्टरों की माने तो मौत के आंकड़ों में गिरावट के लिए और समय लगेगा।

    3 लाख के करीब एक्टिव मरीज

    राज्य में एक्टिव कोविड मरीजों की संख्या में इजाफा ही होता जा रहा है। सोमवार को एक्टिव मरीज का आंकड़ा 2।99 लाख तक पहुंच गया है। जबकि मुंबई में 19808 एक्टिव मरीज हैं।

    89 फीसदी ओमीक्रोन से ग्रस्त, इतने हुए एडमिट

    बीएमसी द्वारा किए गए 8वें जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट में 89 फीसदी मुंबईकर ओमीक्रोन वेरिएंट से ग्रसित होने की बात सामने आई है। जबकि 11 फीसदी लोगों में डेल्टा वेरिएंट मिला है। जीनोम सिक्वेंसिंग में 7 सैंपल ऐसे थे जिन्होंने वैक्सीन की एक ही डोज ली थी। इसमें से 6 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ी थी। जीनोम सिक्वेंसिंग में 99 लोग ऐसे थे जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की एक भी खुराक नहीं ली थी, जिसमें से 76 लोगों को अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आई। जबकि दो डोज लेनेवाले 174 मरीजों में से 89 मरीजों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, जिसमें 2 को ऑक्सिजन और 15 को आईसीयू की जरूरत पड़ी। इसमें सभी आयु वर्ग के लोगों का समावेश है।

    मुंबई के आंकड़े

    • कुल टेस्ट- 149,77,218
    • कुल पॉजिटिव केस- 1,034,833
    • कुल मौत- 16,535
    • कुल ठीक हुए- 995,786
    • डबलिंग रेट- 125 दिन
    • चाल/ स्लम सील- 0
    • इमारतें सील- 24

    राज्य के आंकड़े

    • कुल टेस्ट- 7,35,11,861
    • कुल पॉजिटिव केस- 75,35,511
    • कुल मौत – 142151
    • कुल ठीक हुए- 70,89,936