Delhi-Mumbai Highway

    Loading

    मुंबई: राज्य में सरकार बदलने के साथ विभिन्न इंफ़्रा परियोजनाओं (Infra Projects) को फ़ास्ट ट्रैक पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने महाराष्ट्र को देश के विकास का इंजन बताते हुए कहा कि मेरा सपना है कि मुंबई (Mumbai) के नरीमन पॉइंट (Nariman Point) से नई दिल्ली (New Delhi) तक 1,400 किमी सड़क मार्ग से लोग मात्र 12 घंटे में पहुंच सकें। राज्य में बीजेपी के सहयोग से शिंदे सरकार आने के बाद गड़करी का यह सपना साकार हो सकेगा।

    उल्लेखनीय है कि दिल्ली से बडौदा होते हुए जेएनपीटी तक बन रहे हाइवे का काम लगभग 70 प्रतिशत हो चुका है। इस हाईवे को वर्ली सी लिंक से जोड़ना गड़करी का सपना है। इसके लिए समुद्र में फ्लाईओवर बनाने की योजना है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इसके लिए महाराष्ट्र सरकार से अब चर्चा हो सकेगी। गडकरी के अनुसार, वर्ली सी लिंक को नरीमन पॉइंट और विरार से जोड़ने काम होगा।

    1 लाख करोड़ रुपए की परियोजना

    लगभग 1 लाख करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली-मुंबई राजमार्ग का निर्माण किया जा रहा है। यह हाइवे भिवंडी से होते हुए जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट-मुंबई तक जा रहा है। इसे मुंबई के नरीमन पॉइंट से जोड़ने की योजना है।इसके लिए समुद्र में एक पुल बनाकर इसे बांद्रा-वर्ली सी लिंक से जोड़ा जा सकता है। इससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर ट्रैफिक काफी कम हो जाएगा। दिल्ली-मुंबई को बंगलुरू और पुणे से औरंगाबाद को जोड़ने वाला हाईवे बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है। गडकरी ने कहा है कि राज्य सरकार को इस हाईवे पर तुरंत जमीन अधिग्रहण शुरू करना चाहिए।

    मुंबई-नाशिक हाइवे 6 लेन

    केंद्रीय परिवहन मंत्री गडकरी ने कहा है कि वर्तमान फोर-लेन नाशिक-मुंबई राजमार्ग लगभग 5,000 करोड़ रुपए की लागत से जल्द ही 6 लेन का होगा। गडकरी का मानना है कि महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे के अलावा समृद्धि हाइवे पर 5 नए शहर विकसित किए जा सकते हैं। सूरत-नाशिक-अहमदनगर-सोलापुर रोड को भी मंजूरी मिल गई है।