Mumbai Monorail

Loading

मुंबई: मुंबई (Mumbai) में शुरू देश की पहली मोनो रेल (Mono Rail) को रफ़्तार दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है। एमएमआरडीए (MMRDA) द्वारा किए जा रहे मेट्रो की 2 लाइनों को मोनो से जोड़े जाने के बाद यात्रियों की संख्या में भरपूर इजाफा (Passengers Increase) होगा। चेंबूर और वडाला के बीच मुंबई मोनोरेल कॉरिडोर (Mumbai Monorail Corridor) का पहला चरण 2 फरवरी, 2014 को चालू किया गया था।

एमएमआरडीए के लिए सफेद हाथी साबित हुई मोनो रेल को भविष्य में 10 गुना ज्यादा तक यात्री मिलने लगेंगे। मोनो रेल को मेट्रो-2बी (डीएन नगर से मंडाले) और मेट्रो लाइन-4 (वडाला से कासरवडवली) से कनेक्ट होगी। मोनोरेल का वीएन पूर्व स्टेशन मेट्रो लाइन-2बी से जुड़ेगा, जबकि मेट्रो लाइन-4 को भक्ति पार्क में मोनो रेल स्टेशन के साथ एफओबी के माध्यम से जोड़ने की योजना है। इन दोनों मेट्रो लाइनों का काम तेजी से चल रहा है। दोनों मेट्रो लाइन का 50 फीसदी से ज्यादा काम हो गया है। 

2024 तक 1.60 लाख यात्री होने की संभावना

एमएमआरडीए अधिकारियों को उम्मीद है कि दो मेट्रो रेल लाइनों के साथ कनेक्ट होने के बाद मोनोरेल की सवारियां 2024 तक रोजाना मौजूदा 16,000 से 1.6 लाख तक दस गुना तक बढ़ सकती हैं। एमएमआरडीए ने अगले दो वर्षों में प्रतिदिन 1.60 लाख से अधिक की सवारी मोनो से ढोने का लक्ष्य बनाया है। 

घाटे में हो रहा है संचालन

वैसे शुरू से ही से मोनो रेल प्राधिकरण के लिए घाटे का सौदा साबित हुई है। घाटे में चल रही मोनो के सुचारू संचालन के लिए नए रेक के साथ कनेक्टिविटी की भी जरूरत है। निर्माणाधीन मेट्रो कॉरिडोर मुंबई मोनोरेल के फुटफॉल को बढ़ाने में मदद करेगा। मोनो, मेट्रो और महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के बीच एक लिंक प्रदान करने के लिए जैकब सर्कल स्टेशन पर एक मूविंग वॉक-वे के निर्माण की योजना है। मोनो रेल योजनाकारों का मानना ​​था कि तंग मोड़ और संकीर्ण गलियारों वाले मुम्बई के इन हिस्सों पर मोनो रेल काफी उपयोगी है। 19 किलोमीटर लंबी मोनोरेल जो मुंबई सेंट्रल में चेंबूर-वडाला से संत गाडगे महाराज चौक तक चलती है। परिचालन लागत में बढ़ोतरी और यात्रियों की कमी के चलते घाटा होता रहा है। नवंबर 2017 में मोनोरेल के दो डिब्बे पूरी तरह से जलकर खाक हो गए और 10 महीने की अवधि के लिए सेवा बंद रही। कोरोना काल में समस्या और बढ़ गई। उसके बाद मोनो रेल को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश तेज हुई।

हो रहा इतने रेक के साथ संचालन 

कार्यात्मक रेक की संख्या अब 6 है जो दैनिक संचालन के लिए उपयोग की जाती हैं, जबकि दो रेक को स्टैंडबाय पर रखा जाता है। मोनोरेल 18 मिनट के अंतराल पर कुल 118 ट्रिप संचालित की जाती हैं, जो पहले बिना किसी समय की पाबंदी के 30 मिनट के समय अंतराल पर चल रही थी। इससे यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ हैं।

आएंगे 10 नए रेक

मोनोरेल यात्रियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है, एमएमआरडीए ने अब 10 रेक अतरिक्त खरीदने का प्लान बनाया हैं। इस पर लगभग 590 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मेधा सर्वो ड्राइव्स लिमिटेड नामक हैदराबाद स्थित एक भारतीय कंपनी को 10 नए रेक का ऑर्डर दिया गया है। पहला प्रोटोटाइप रेक इस साल अगस्त से अक्टूबर के बीच उपलब्ध होगा। एक बार रेक को मंजूरी मिलने के बाद हर तीन महीने पर 3 रेक की डिलीवरी की जाएगी। पहले प्रोटोटाइप रेक के आने से अगले 9 महीनों में सभी 10 रेक प्राधिकरण के पास होंगे।

बढ़ेगी फ्रीक्वेंसी

नए रेक को शामिल करने से फ्रीक्वेंसी 18 मिनट से बढ़ कर 5 मिनट हो जाएगी और सेवाओं की कुल संख्या लगभग दोगुनी होकर प्रतिदिन 250 हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि फिलहाल फ्रीक्वेंसी कम होने की वजह से भी यात्रियों का झुकाव मोनो रेल की तरफ कम है। दैनिक यात्रा करने वाले यात्री भी मोनो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा मोनो रेल की टिकट प्रणाली में भी बदलाव की मांग हो रही हैं। मोनो स्टेशन की खिड़की पर ही टिकट सुविधा उपलब्ध है। 

2 लाख यात्रियों को ले जाने की क्षमता 

फ़्रीक्वेंसी और ट्रिप की संख्या बढ़ाने के लिए 10 नए रेक खरीदने का निर्णय भी हुआ है। मोनो रेल में प्रतिदिन 2 लाख यात्रियों को ले जाने की क्षमता है। एसजीएम चौक से चेंबूर तक मोनोरेल यात्रा की दूरी के आधार पर टिकट की कीमत किफायती रूप से 10 रुपए से 40 रुपए के बीच है।

होगी इंटर कनेक्टिविटी

मोनोरेल अथॉरिटी ने आने वाले समय मे नजदीकी मेट्रो और मौजूदा रेलवे स्टेशनों को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का प्रस्ताव दिया है। जिससे मोनोरेल की सवारियां बढ़ेंगी। वर्तमान में रोजाना यात्रियों की संख्या 16 हजार जबकि सप्ताहांत में प्रतिदिन सवारियों की संख्या 10 हजार हैं। एमएमआरडीए अधिकारी के अनुसार इंटर कनेक्टिविटी योजना के साथ अगले 2 से 3  वर्षों में मोनो में दैनिक यात्रियों की संख्या 1।6 लाख से अधिक हो जाएंगी। प्राधिकरण ने मेट्रो लाइन 4 (वडाला से कासारवडवली) को भक्ति पार्क में मोनो रेल स्टेशन के साथ एक एफओबी के माध्यम से जोड़ने की योजना बनाई है,जो लगभग 215 मीटर लंबा है। इसी तरह आगामी मेट्रो लाइन-3 और पश्चिम रेलवे के महालक्ष्मी स्टेशन से जोड़ने के लिए जैकब सर्किल मोनोरेल स्टेशन पर 300 मीटर के एक एफओबी की योजना बनाई गई है।