एक टिकट पर मेट्रो, बस, मोनो से यात्रा, MMRDA कर रहा तैयारी

    Loading

    मुंबई.एक टिकट पर मेट्रो (Metro), बस (Bus), मोनो  (Mono) से यात्रा का इंतजार जल्द  खत्म हो सकता है। एमएमआरडीए (MMRDA) की तरफ से एकीकृत टिकट प्रणाली की तैयारी की जा रही है। आने वाले समय में मुंबई  (Mumbai) में मेट्रो, बस, मोनो से एक ही टिकट (Ticket) से सफर करना संभव होगा। एमएमआरडीए के अधिकारी के अनुसार मेट्रो-2 दहिसर से डीएन नगर और दहिसर से अंधेरी मेट्रो 7 के लिए एकीकृत टिकटिंग सिस्टम को लागू करने का निर्णय लिया गया है। इन दोनों रूटों पर फिलहाल मेट्रो ट्रायल रन शुरू है। 

    मुंबई में परिवहन के सभी साधनों के लिए एकल टिकट विकल्प को लेकर पहले ही विचार किया गया था। रेलवे, मेट्रो, मोनो, बेस्ट और अन्य सार्वजनिक परिवहन उपक्रमों के लिए एक ही टिकट रखने के लिए कई साल पहले एक एकीकृत टिकट प्रणाली की योजना बनाई गई थी। इसके तहत यात्रियों को यात्रा समय और खर्च में भी कमी आ सकती है। एमएमआरडीए ने मेट्रो 2 ए  और मेट्रो 7  का पहला चरण अक्टूबर 2021 से और पूरे मार्ग पर जनवरी 2021 से शुरू करने की योजना बनाई है। 

    किया जा रहा है तकनीकी परीक्षण 

    बताया गया है कि दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए एकीकृत टिकट प्रणाली लागू की जाएगी। इसके बाद इसे अन्य मेट्रो और मोनो रेल मार्गों के लिए चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। नकद लेन देन से बचने के लिए शुरू की गई ‘वन कंट्री वन कार्ड’ योजना भी बेस्ट में प्रायोगिक आधार पर शुरू हो गई है। इसका तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है।