Nashik Municipal Corporation
File Photo

    Loading

    नाशिक: नाशिक महानगरपालिका (Nashik Municipal Corporation) के विभिन्न विभागों में भर्ती प्रवेश नियमावली को नगर विकास मंत्रालय (Ministry of Urban Development) ने मान्यता दे दी है, इस वजह से अब नाशिक महानगरपालिका के रिक्त पदों (Vacant Posts) की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। अनेक चुनौतियों और शर्तों के बीच फंसी भर्ती संबंधी नियमावली की फाइल पर अपनी स्वीकृति की मुहर लगा दी है।  प्रशासन के सत्ता में आने के बाद नाशिक महानगरपालिका के विभिन्न विभागों में लंबित पड़ी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। 

    शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के सचिव बालाजी खतगांवकर की पहल के बाद नियमावली की फाइल ने रफ्तार पकड़ी। महापौर सतीश कुलकर्णी की अध्यक्षता में नाशिक महानगरपालिका में हुई विशेष आम सभा की बैठक में भर्ती प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलने के बाद भी भर्ती नहीं हो सकी थी, लेकिन अब 14 मार्च 2022 से प्रशासनिक शासन शुरू हो गया है। फलस्वरूप पदाधिकारियों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाएं कम हो गई है।

    नाशिक महानगरपालिका में 3,038 पद खाली

    कार्यालय में बिजली के बिलों के साथ-साथ वाहनों के ईंधन की बचत हुई है। नाशिक महानगरपालिका में 7,717 पद स्वीकृत हैं,  जिनमें से केवल 4,679 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। हालांकि 3,038 पद रिक्त हैं, लेकिन डी श्रेणी में 159, बी में 49, सी में 1472 पद रिक्त हैं। डॉक्टर, इंजीनियर, क्लर्क और कई अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए स्टॉफ नहीं है। नाशिक महानगरपालिका में सरकार को भर्ती के लिए भेजे गए सेवा प्रवेश नियमावली के प्रस्ताव की स्वीकृति के साथ निगम की भर्ती पर मुहर लगा दी गयी है, इससे पिछले कई वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हो जाएगा। पहले चरण में चिकित्सा और स्वास्थ्य, इंजीनियर, अग्निशमन विभाग में भर्ती की जाएगी।