Pimpri-Chinchwad

    Loading

    पिंपरी: इंदिरा गांधी फ्लाईओवर (Indira Gandhi Flyover) का निर्माण 1987 में पुणे-मुंबई हाईवे (Pune-Mumbai Highway) पर पिंपरी कैंप (Pimpri Camp) तक किया गया था। पिछले एक साल से इस पुल (Bridge) की मरम्मत का काम (Repair Work) धीरे-धीरे चल रहा है। इससे परिवहन बाधित हो रहा है और यहां के व्यापारियों की आय भी प्रभावित हो रही है। अब फ्लाईओवर से शगुन चौक की ओर जाने वाले मार्ग को मरम्मत के लिए बंद कर दिया गया है। व्यापारियों ने मांग की है कि अगले पचास दिनों में मरम्मत का काम पूरा किया जाए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक अन्ना बनसोड़े (MLA Anna Bansode) ने व्यापारियों और प्रशासन के अधिकारियों के साथ यहां का मुआयना किया और मरम्मत के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के आदेश दिया। 

    इस मसले पर पिंपरी मर्चेंट फेडरेशन की अगुवाई में व्यापारियों की एक बैठक पिंपरी में संपन्न हुई। इसमें फेडरेशन के अध्यक्ष और उद्यमी श्रीचंद आसवानी ने व्यापारियों की समस्याओं से विधायक अन्ना बनसोडे को अवगत कराया। साथ ही  मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा होना जरूरी बताया। महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त विकास ढाकने, पूर्व उपमहापौर और वरिष्ठ नगरसेवक डब्बू असवानी, पूर्व नगरसेवक प्रसाद शेट्टी, नीरज चावला, सुनील चुगानी, प्रकाश रत्नानी, नारायण पोपटानी और अनिल आसवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे। इस बैठक के बाद विधायक बनसोडे, अध्यक्ष आसवानी और अतिरिक्त आयुक्त ढाकने ने व्यापारियों के साथ निरीक्षण का दौरा किया। पिंपरी ब्रिज के दुरुस्ती कार्य का मुआयना किया।

    पचास दिनों में पूरा होगा काम

    विधायक बनसोड़े ने कहा कि कई वर्षों से इस पुल की मरम्मत की मांग की जा रही थी। पिछले साल गोकुल होटल से फ्लाईओवर और मोरवाड़ी चौक से फ्लाईओवर तक सड़क की मरम्मत के लिए छह महीने की अवधि थी, लेकिन ठेकेदार की देरी के कारण इसमें एक साल से अधिक का समय लग गया। अब फ्लाईओवर से शगुन चौक जाने वाली सड़क को दो दिन से बंद कर दिया गया है और ठेकेदार ने कहा है कि अगले पचास दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा। संबंधित ठेकेदार को यहां बुलाया गया। व्यापारी अब मांग कर रहे हैं कि सड़क के कार्य को समय पर पूरा किया जाए। यही पत्र उन्होंने अपर आयुक्त विकास ढाकने को भी दिया है। 

    अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए

    इसके साथ ही अध्यक्ष श्रीचंद आसवानी ने कहा कि पिंपरी में दुकानों के बाहर चौकों पर जितने भी अतिक्रमण हैं, व्यापारियों और पेडलरों के अतिक्रमण को महानगरपालिका द्वारा तत्काल हटाया जाए और व्यापारियों को राहत दी जाए। पिछले दो साल से कोरोना ने व्यापारियों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। इसलिए व्यापारियों को राहत देने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग उन्होंने की है।