BJP MP Pragya Singh Thakur
भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर (फाइल फोटो)

Loading

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क 
मुंबई: मालेगांव ब्लास्ट मामले की मुख्य आरोपी और भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह (Sadhvi Pragya Singh) ठाकुर शुक्रवार को विशेष अदालत (Court) के सामने पेश हुईं। लगातार कई सुनवाई में अनुपस्थित रहने के बाद वारंट जारी होते ही प्रज्ञा सिंह ने कोर्ट में हाजरी लगाई है। अदालत ने उनके खिलाफ जारी जमानती वारंट रद्द कर दिया। अगली सुनवाई 28 मार्च को होगी। 

बार-बार कोर्ट की पेशी से नदारद रहने के बाद विशेष अदालत ने 11 मार्च को ठाकुर के खिलाफ़ जमानती वारंट जारी किया था। ठाकुर शुक्रवार को विशेष अदालत के सामने पेश हुई।  प्रज्ञा के वकील ने जमानती वारंट रद्द करने के लिए अर्जी दाखिल की। साथ ही ठाकुर के मेडिकल रिपोर्ट पर गौर करते हुए विशेष न्यायाधीश ए.के. लाहोटी ने ठाकुर के खिलाफ जारी वारंट रद्द कर दिया। 

पिछली सुनवाई के दौरान विशेष अदालत ने संकेत दिया था कि अगर वे शुक्रवार को सुनवाई में अदालत में उपस्थित नहीं हुए तो उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जाएगा।हालांकि उनके वकीलों द्वारा अदालत को सूचित किया गया कि ठाकुर हवाई अड्डे पर बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पर सहमति लेते हुए ठाकुर को अस्पताल से छुट्टी मिलने तक जमानती वारंट की तामील पर रोक लगा दी गई। प्रज्ञा के स्वास्थ्य को लेकर दलील दी गई कि बीमारी के कारण वे बैठ या चल भी नहीं सकते। इतना ही नहीं, ठाकुर ने कोर्ट से कहा कि वह हस्ताक्षर भी नहीं कर सकते। एक सहायक की मदद से वो अदालत में पेश हुए। अदालत ने ठाकुर के दावे में सच्चाई को स्वीकार किया और मामले में अपना अंतिम बयान दर्ज करने के लिए ठाकुर को 28 मार्च को पेश होने का आदेश दिया। 

29 सितंबर, 2008 को मालेगांव में एक मस्जिद के पास एक मोटरसाइकिल में विस्फोट हुआ था। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए थे। मामले की शुरुआत में राज्य आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मामले की जांच की थी। जिसके बाद 2011 में इसकी जांच एनआईए को स्थानांतरित कर दी गई थी। 30 अक्टूबर 2018 को विशेष अदालत ने सातों आरोपियों के खिलाफ यूएपीए और आईपीसी की कड़ी धाराओं के तहत आरोप तय किए। इनमें पुरोहित और प्रज्ञा ठाकुर के अलावा मेजर रमेश उपाध्याय (सेवानिवृत्त), अजय राहिरकर, सुधाकर द्विवेदी, सुधाकर चतुर्वेदी और समीर कुलकर्णी शामिल हैं।