Bhiwandi Manpa

    Loading

    भिवंडी: भिवंडी महानगरपालिका (Bhiwandi Municipal Corporation) के इतिहास में प्रथम बार 85 करोड़ 51 लाख रुपए टैक्स वसूली (Tax Collection) का रिकॉर्ड (Record) आंकड़ा पहुंचा है। महानगरपालिका कमिश्नर सुधाकर देशमुख के आदेशानुसार महानगरपालिका उपायुक्त (टैक्स) दीपक झिंझाड के मार्गदर्शन में महानगरपालिका अधिकारियों, कर्मचारियों की टीम ने अथक मेहनत कर भिवंडी महानगरपालिका की खाली तिजोरी को रुपयों से भर दी। उक्त जानकारी महानगरपालिका उपायुक्त (टैक्स) दीपक झिंझाड ने देते हुए टैक्स वसूली में संलिप्त तमाम अधिकारियों, कर्मचारियों की सराहना की है।

    गौरतलब है कि महानगरपालिका कमिश्नर सुधाकर देशमुख ने महानगरपालिका की आर्थिक बदहाली का हवाला देते हुए शहर के सर्वांगीण विकास की खातिर महानगरपालिका उपायुक्त दीपक झिंझाड को प्रॉपर्टी धारकों से बकाया टैक्स वसूली किए जाने का सख्त आदेश दिया था। महानगरपालिका कमिश्नर के निर्देश पर महानगरपालिका उपायुक्त (टैक्स) झिंझाड ने महानगरपालिका अधिकारियों, वार्ड आफिसर, भूभाग लिपिक आदि कर्मचारियों की टीम निर्मित कर टैक्स वसूली किए जाने के लिए कड़ी मेहनत की। महानगरपालिका कमिश्नर समय-समय पर वसूली कार्यों की मानिटरिंग कर रह थे, ताकि वसूली का रिकॉर्ड आंकड़ा प्राप्त किया जा सके।

    अभय योजना भी घोषित की गई थी

    दीपक झिंझाड के अनुसार, भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत प्रॉपर्टी धारकों पर महानगरपालिका का करीब 565 करोड़ रुपए बकाया है। महानगरपालिका प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद भी करीब 20 वर्षों के समयकाल में 10% से अधिक टैक्स वसूली का रिकॉर्ड आगे नहीं पहुंचा है। महानगरपालिका की तिजोरी हमेशा खाली होने की वजह से महानगरपालिका प्रशासन नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण करने में असफल साबित होता रहा है। महानगरपालिका प्रशासन द्वारा 15 दिसम्बर से बकायेदारों की सहूलियत के लिए अभय योजना भी घोषित की गई थी। अभय योजना के दौरान महानगरपालिका  अधिकारियों की टीम ने बकाया टैक्स धारकों के पास जाकर 85 करोड़ 51 लाख रुपए वसूल किए जाने में कामयाबी हासिल की है।

    बकायेदारों पर अब होगी सख्त कार्रवाई

    महानगरपालिका उपायुक्त दीपक झिंझाड ने प्रॉपर्टी धारकों से बकाया टैक्स अविलंब जमा करने का निर्देश दिया है। टैक्स बकाएदारों पर महानगरपालिका नियमों के तहत सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। झिंझाड ने बताया कि टैक्स न जमा करने वाले 2,500 लोगों के नल कनेक्शन काट दिए गए हैं। 164 प्रॉपर्टी सील और 63 प्रॉपर्टी महानगरपालिका ने जब्त की है। करीब 2,000 प्रॉपर्टी धारकों नें ऑनलाइन तरीके से टैक्स भुगतान किया है। महानगरपालिका टैक्स बकायेदारों से 85 करोड़ 51 लाख रुपए की रिकॉर्ड वसूली का आंकड़ा महानगरपालिका  के इतिहास में पहली बार प्राप्त किए जाने में कामयाबी हासिल की है। 

    प्रभाग समिति अंतर्गत टैक्स वसूली का ब्यौरा

    • प्रभाग समिति क्रमांक 1: 23 करोड़ 40 लाख 
    • प्रभाग समिति क्रमांक 2 : 16 करोड़ 73 लाख
    • प्रभाग समिति क्रमांक 3: 17 करोड़ 50 लाख
    • प्रभाग समिति क्रमांक 4: 15 करोड़ 16 लाख
    • प्रभाग समिति 5: 9 करोड़ 72 लाख 

    कुल मिलाकर 82 करोड़ 51 लाख नकद और 3 करोड़ का धनादेश सहित 85 करोड़ 51 लाख रुपए टैक्स बकायेदारों से वसूली कर महानगरपालिका की तिजोरी में जमा हुए।