
नवी मुंबई: सिडको ने अवैध रूप से बनी इमारतों पर बुलडोजर चलाने के साथ साथ शहर में लगाई गई अवैध होर्डिंग पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सिडको के अतिक्रमण विभाग ने सायन पनवेल महामार्ग पर कलंबोली मार्बल मार्केट तक अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग को हटाने का अभियान चलाकर 10 होर्डिंग्स को हटाया गया है। यह जानकारी मुख्य दक्षता अधिकारी सुरेश मेंगड़े ने दी है। पता हो कि सायन पनवेल महामार्ग पर बड़ी संख्या में अवैध रूप से होर्डिंग लगायी गयी है, इन अवैध होर्डिंग के प्रति सार्वजनिक निर्माण विभाग ने भी नाराजगी व्यक्त की थी साथ ही सिडको, नवी मुंबई महानगर पालिका तथा पनवेल मनपा आयुक्त को बाकायदा पत्र भी लिखा था।
होर्डिंग लगाने के नियमों का भी खुलेआम उलंघन
पता हो कि कुछ विज्ञापन एजेंसियों ने स्थानीय लोगों को अपने साथ मिलाकर सायन – पनवेल महामार्ग पर बड़ी बड़ी होर्डिंग खड़ी कर दी हैं इन होर्डिंग को लगाने के लिए किसी भी प्रकार की कोई अनुमति नहीं ली है साथ ही होर्डिंग लगाने के नियमों का भी खुलेआम उलंघन किया जा रहा था। कुछ समय पहले पुणे में एक होर्डिंग गिर गयी थी जिसमें कुछ लोग जख्मी भी हो गए थे पुणे की इस घटना के बाद नवी मुंबई में होर्डिंग की स्ट्रक्चरल ऑडिट करने की मांग की जाने लगी थी। सिडको के मुख्य दक्षता अधिकारी सुरेश मेंगड़े ने बताया कि जिन होर्डिंग को आज हटाया गया है उनमें कई तरह से नियमों का उलंघन किया गया था। इन होर्डिंग को लगाने वालों ने सिडको से किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं ली थी।
मुख्य दक्षता अधिकारी के अनुसार अभी अन्य होर्डिंग के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है यदि उनमें भी किसी प्रकार की अनियमितता पायी गयी तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और होर्डिंग को हटाने का काम किया जायेगा। इस दौरान अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों, पुलिस कर्मियों, सिडको की पुलिस टीम, सिडको के सुरक्षा गार्ड, महाराष्ट्र सुरक्षा बोर्ड के सुरक्षा रक्षकों सहित अन्य कर्मचारियों के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। साथ ही इस ऑपरेशन के दौरान दो गैस कटर, 15 मजदूरों को भी शामिल किया गया था।