मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम एकनाथ शिंदे का उल्हासनगर का पहला दौरा, वर्चुअल तरीके से कई विकास कार्यों का किया उद्घाटन

    Loading

    उल्हासनगर : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने यहां कहा कि अन्य शहरों की तरह उल्हासनगर (Ulhasnagar) में रहने वाले नागरिकों को भी आधुनिक सुख सुविधाएं मुहैया हो इसलिए 6 महीने के भीतर उल्हासनगर शहर के विकास के लिए 1261 करोड़ की निधी राज्य (State) और केंद्र सरकार (Central Government) द्वारा प्रदान की गई है और शहर की सबसे बड़ी समस्या धोखादायक और पुरानी बिल्डिंगों के पुनर्निर्माण की है। इस प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है जिसका अधिकृत आदेश जल्द ही निकलेगा, नागरिको के हित में नियमों को शिथिल करने का महत्त्वपूर्ण फैसला वर्तमान सरकार ने लिया है। नए जीआर में जर्जर, धोखादायक और अवैध निर्माण सभी का ख्याल रखा गया है। 

    मुख्यमंत्री शिंदे ने मंच से शहर वासियो को भरोसा दिलाया कि जल्द ही शहर को 50 एमएलडी पानी का कोटा मिलेगा, शहर में नए उड़ान पुल बनेंगे और उल्हासनगर शहर में मेट्रो ट्रेन लाने की भी कोशिश शुरू है। मुख्यमंत्री बनने के बाद एकनाथ शिंदे पहली बार उल्हासनगर आए थे। उनके गुट के शिवसैनिकों ने शहर आगमन पर उनका जगह जगह स्वागत किया। बुधवार की रात को स्थानीय सी ब्लॉक परिसर स्थित सेंचुरी ग्राउंड में उल्हासनगर महानगरपालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मौके पर उन्होंने ऊक्त बात कही। 

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों उल्हासनगर महानगरपालिका द्वारा बनाए गए मलनि: सारण और श्वान निर्बिजीकरण केंद्र का उद्घाटन, सरकारी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन, खड़ेगोलवाली में सीवेज निपटान केंद्र, विकलांगों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सॉफ्टवेयर और प्लास्टिक क्रेशर मशीन का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कर कमलों से हुआ। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई के उपयोग में लाई जाने वाली पावर स्वीपिंग मशीन, स्ट्रीट लाइट मशीन और सक्शन मशीन जैसे विविध अत्याधुनिक वाहनों का लोकार्पण और 37 करोड़ 50 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन वर्चुयल पद्धति से किया। 

    यह लोगों की उपस्थिति थी

    मंच पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ ही केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटिल, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, जिला अधिकारी अशोक सिंगारे, स्थानीय विधायक कुमार आयलानी, अंबरनाथ के विधायक डॉ. बालाजी किणीकर, ज्ञानेश्वर म्हात्रे, गणपत गायकवाड़, महानगरपालिका कमिश्नर अजीज शेख, उघोगपति उद्धव रूपचंदानी, अपर महानगरपालिका आयूक्त जमीर लेंगरेकर के अलावा मनपा अन्य अधिकारी, शिंदे गुट शिवसेना के शहर प्रमुख राजेंद्र सिंह भुल्लर, राजेंद्र चौधरी, पूर्व उप महापौर भगवान भालेराव आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की प्रस्तावना महानगरपालिका कमिश्नर अजीज शेख ने की।