एसी लोकल का विरोध नहीं, महिला लोकल शुरू करें: प्रवासी संगठन

    Loading

    बदलापुर : वातानुकूलित लोकल का विरोध नहीं है, लेकिन भीड़-भाड़ वाले समय में नियमित लोकल (Local) की जगह एसी लोकल (AC Local) नहीं छोड़नी चाहिए, लोकल ट्रेनों (Local Trains) की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ बदलापुर तक महिला लोकल (Women Local) शुरू की जानी चाहिए। इस तरह की मांग बदलापुर के प्रवासी संगठन ने की है।       

    मध्य रेल प्रशासन ने पिछले महीने भीड़ भाड़ वाली सामान्य लोकल को रद्द कर एसी लोकल शुरू करने का निर्णय लिया इस निर्णय के कारण बदलापुर में यात्रियों ने लगातार तीन दिनों तक शाम को बदलापुर रेलवे स्टेशन पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रेल प्रशासन के मनमाने व्यवहार का निषेध किया। इस घटना के मद्देनजर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता और सिडको के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद हिंदुराव के मार्गदर्शन में नवगठित जागृत रेल प्रवासी परिषद का आयोजन किया गया। इस परिषद में विभिन्न यात्री संगठनों के अधिकारियों और यात्रियों ने रेल प्रशासन के तुगलकी व्यवहार को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई।  बदलापूर स्थित संजीवनी सभागृह में आयोजित परिषद में प्रवीण खरात, अविनाश देशमुख, भरत गंगोत्री, अनिता पाटिल, अशीसा खान, संजय कराले, नीता पाटिल, महेंद्र पदांगले आदि उपस्थित थे। 

    भीड़-भाड़ के समय को छोड़कर एसी लोकल चालू की जानी चाहिए

    प्रमोद हिंदुराव ने कहा कि करोड़ों रुपए कमाने वाले रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों के लिए एसी लोकल शुरू करने का फैसला स्वागत योग्य है। लेकिन आम लोग एसी लोकल का किराया वहन नहीं कर सकते। रेलवे को यात्रियों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। एसी लोकल चालू करते समय रेल यात्री संघ और यात्रियों से चर्चा करके लोकल शुरू करना फायदेमंद होता। जिससे यात्रियों में आक्रोश न होता। भीड़ के समय को छोड़कर एसी लोकल चालू की जाए। इसके अलावा हिंदूराव ने मुंबई से कर्जत, कसारा रेलवे स्टेशनों की दुर्दशा पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि रेल यात्रियों के साथ हो रहे अन्याय को दूर करने के लिए रेल मंत्री, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले, विरोधी पक्ष नेता अजित पवार, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा की जाएगी।