राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड को मिली जमानत

    Loading

    ठाणे : राज्य के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड (MLA Jitendra Awhad) को भले ठाणे न्यायालय (Thane Court) द्वारा 15 हजार रुपए के निजी मुचलके पर अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) मिल गई है। लेकिन वे अभी भी अपने इस्तीफे (Resignation) को लेकर कायम है। आव्हाड के अनुसार वे जमानत से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। उनको फसाने के लिए योजना बनाई गई थी। लेकिन भगवान ने उन्हें बचा लिया। पूरा वीडियो देखने पर यह साफ है कि जिस तरह से उक्त महिला उनके पास आगे बढ़ रही थी, यह सब पहले से तय था। यदि उसे बगल नही किया होता तो एक बड़ा मामला उनके खिलाफ बन जाता। लेकिन भगवान ने उन्हें सद्बुद्धि दी उसे उन्होंने बगल किया। 

    आपको बतादें कि आव्हाड की तरफ से एडवोकेट गजानन चव्हाण ने पैरवी की। चव्हाण ने कोर्ट को बताया कि घटनास्थल पर बहुत भीड़ थी। उन्होंने भीड़ के संदर्भ में अखबारों में छपी खबर बतौर सबूत कोर्ट के समक्ष रखा। चव्हाण ने यह भी बताया कि शिकायतकर्ता महिला को आव्हाड ने बहन माना तो आखिर वे उसके साथ इस तरह की गिरी हरकत कैसे कर सकते है? चव्हाण ने उक्त मामले के राजनीति से प्रेरित होने तथा 354 का मामला नहीं होने की बात सामने रखी। 

    गौरतलब हो कि रविवार को मुंब्रा में बनाए गए वाय जंक्शन पर बनाए गए उड़ानपुल का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में संपन्न हुआ।  कार्यक्रम में स्थानीय विधायक जितेंद्र आव्हाड भी शामिल हुए थे। उसी दौरान भीड़ को बगल कर आगे बढ़ने के समय आव्हाड ने भीड़ में शामिल बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रिदा रशीद को भी हाथ से हटाते एक तरफ होने को कहा था। उक्त घटना के बाद रिदा रशीद ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में आव्हाड के खिलाफ विनयभंग का मामला दर्ज कराया था। 

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी मुखिया शरद पवार ने किया सीएम को फोन 

    वहीं इस प्रकरण में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार ने संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को फोन किया। पवार ने आव्हाड के खिलाफ राजनीतिक कारणों से या राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कोई कार्रवाई नहीं होने की उम्मीद मुख्यमंत्री से जताई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने शरद पवार से कहा कि मामले के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। बल्कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया है और उसकी तहत आगे की कार्रवाई शुरू है।