Potholes on Flyover in Bhiwandi

    Loading

    भिवंडी: धामनकर नाका फ्लाईओवर (Dhamankar Naka Flyover) पर जगह-जगह हुए गड्ढों (Potholes) की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं, बावजूद भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका प्रशासन गड्ढों की मरम्मत (Repair) को लेकर कत्तई गंभीर नहीं है। महानगरपालिका प्रशासन की लापरवाह कार्यप्रणाली से शहरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। 

    गौरतलब है कि धामनकर नाका फ्लाईओवर की मरम्मत न होने की वजह से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। धामनकर नाका की तरफ से फ्लाईओवर पर चढ़ने और अंजुर फाटा की तरफ उतरने से पहले भारी भरकम गड्ढे बन गए हैं। फ्लाईओवर पर चढ़ने और उतरने में ही लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। 

    हो रहे हैं हादसे

    गड्ढों में गिरकर सड़क हादसे हो रहे हैं। 2 दिन पूर्व अंजुरफाटा की तरफ से फ्लाईओवर पर चढ़ते समय राम रतन कोहार नामक युवक बाइक लेकर गड्ढे में गिर पड़ा जिससे उसकी पैर की हड्डी टूट गई है। लोगों की शिकायत के बाद भी फ्लाईओवर की मरम्मत पर कोई ध्यान महानगरपालिका प्रशासन नहीं दे रहा है।

    मेट्रो रेल निर्माण के लिए टूटेगा फ्लाईओवर 

    धामनकर नाका फ्लाईओवर मेट्रो प्रोजेक्ट निर्माण के लिए एमएमआरडीए द्वारा तोड़ा जाएगा। महानगरपालिका सूत्रों की मानें तो फ्लाईओवर टूटने की वजह से महानगरपालिका प्रशासन भी लापरवाही बरत रहा है। फ्लाईओवर एमएमआरडीए द्वारा तोड़ा जाना है।  रिपेयरिंग में लाखों रुपए लगेगा जो बर्बाद हो जाएगा। नागरिकों का कहना है कि भिवंडी में मेट्रो रेल का काम जनप्रतिनिधियों की मनमानी से रुक गया है। भिवंडी-कल्याण मार्ग पर सड़क विस्तारीकरण की तोड़क कार्रवाई से बचाव के लिए कल्याण नाका से साईं बाबा तक भूमिगत मेट्रो का निर्माण होना है जो कब शुरू होगा कोई अता-पता नहीं। महानगरपालिका प्रशासन को नागरिकों के सुरक्षा के लिए फ्लाईओवर की मरम्मत कर देनी चाहिए। 

    फ्लाईओवर पर गड्ढों की मरम्मत समय-समय पर होती रहती है। पुल पर हुए गड्ढों की मरम्मत जल्द होगी।

    -एल.पी. गायकवाड़, शहर अभियंता, भिवंडी महानगरपालिका