Bhiwandi Manpa

    Loading

    भिवंडी. मनपा सत्ता के लिए राजनीतिक उठापटक को लेकर हमेशा विवादों में रही भिवंडी महानगरपालिका (Bhiwandi Municipal Corporation) के अध्याय में सभागृह नेता चयन के विवाद का नया अध्याय भी जुड़ गया है। मनपा महापौर प्रतिभा पाटिल (Mayor Pratibha Patil) ने मात्र 4 दिन में ही 2 सभागृह नेता को हटाया और आनन-फानन में तीसरे सभागृह नेता की नियुक्ति कर नया इतिहास (New History)लिख दिया है। नवनियुक्त नगरसेवक विकास निकम (Corporator Vikash Nikam) कल पदभार ग्रहण करेंगे। महापौर पाटिल की कार्यप्रणाली से भाजपा में असमंजस और असंतोष व्याप्त है।

    गौरतलब है कि भिवंडी मनपा महापौर प्रतिभा पाटिल द्वारा विगत 3 माह पूर्व ही भाजपा नगरसेवक श्याम अग्रवाल को भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शेट्टी और गुटनेता हनुमान चौधरी की संस्तुति पर मनपा सभागृह नेता बनाया गया था। 3 दिन पूर्व ही महापौर ने सभागृह नेता श्याम अग्रवाल को खुद पर अभद्र टिप्पणी का हवाला देकर पद से हटाया और बगैर भाजपा पार्टी की मंजूरी लिए ही भाजपा नगरसेविका कामिनी रवि पाटिल को सभागृह नेता घोषित किया।भाजपा नें सभागृह नेता श्याम अग्रवाल को हटाने और नया सभागृह नेता कामिनी रवि पाटिल को बनाए जाने को लेकर भारी असंतोष जाहिर किया और महापौर द्वारा जबरन थोपे गए निर्णय को नकारते हुए वापस लेने की मांग की। 

    भाजपा की मांग दरकिनार

    भाजपा की मांग को दरकिनार करते हुए महापौर प्रतिभा पाटिल ने  भाजपा नगरसेविका कामिनी रवि पाटिल को भी 24 घण्टे के अंतराल में ही सभागृह नेता पद से हटा दिया और आनन-फानन में ही मनपा की सत्ता में सहयोगी आरपीआई वरिष्ठ नगरसेवक विकास निकम को सभागृह नेता घोषित कर दिया है। महापौर प्रतिभा पाटिल की कार्यप्रणाली से भाजपा में भारी असंतोष देखा जा रहा है। महापौर द्वारा मनपा अधिनियम का उल्लंघन कर पदच्युत किए गए सभागृह नेता श्याम अग्रवाल न्याय के लिए हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

    भिवंडी मनपा में कुल 90 नगरसेवक

    विदित हो कि भिवंडी मनपा में कुल 90 नगरसेवक हैं। भिवंडी मनपा में सर्वाधिक नगरसेवकों की पार्टी होने का गौरव कांग्रेस के पास है, उसके बाद भाजपा को मिला है। भिवंडी मनपा में भाजपा के 20 नगरसेवकों सहित कांग्रेस के 18 बागी नगरसेवकों के सहयोग से कोणार्क विकास आघाडी की महापौर प्रतिभा  पाटिल मनपा की सत्ता पर काबिज हैं। देखना बेहद दिलचस्प होगा आगामी 2-4 दिनों में मनपा सभागृह नेता चयन पर हाईकोर्ट क्या दिशा-निर्देश जारी करता है।