CCTV

Loading

नवी मुंबई: नवी मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद बनाए रखने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) द्वारा लगाए जाने वाले 1,605 सीसीटीवी कैमरों (CCTV Cameras) का काम समय पर पूरा नहीं हो सका है। सम्बंधित ठेकेदार की लेटलतीफी के चलते ठेकेदार (Contractor) पर एनएमएमसी दंडात्मक कार्रवाई (Fine) करने पर विचार कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, नवी मुंबई महानगरपालिका में सीसीटीवी कैमरे के नियंत्रण कक्ष का काम पूरा किया जा चुका है, लेकिन शहर में लगाए जाने वाले कैमरों का काम अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है। इस काम को पूरा करने की तारीख नवम्बर 2022 थी, लेकिन काम पूरा नहीं हो पाने की वजह से इस समय सीमा को बढ़ाकर मार्च 2023 कर दिया गया, लेकिन फिर सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम पूरा नहीं किया जा सका।  अभी तक मात्र 70 प्रतिशत ही काम पूरा किया जा सका है। 

गौरतलब है कि नवी मुंबई शहर में किन-किन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं, उसके लिए नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के साथ मिलकर एक सर्वेक्षण किया गया था। जिसमें स्थान तय किया गया था। बेलापुर से सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की शुरुआत की गयी थी। पुलिस प्रशासन की मांग पर शहर में 1,608 और कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया था। नवी मुंबई शहर में कई ऐसे स्थान थे, जहां पर कैमरे की नजर में नहीं थे। उन स्थानों पर कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया था। इन कैमरों को लगाने का ठेका मेसर्स टाटा एडवांस सिस्टम कंपनी को दिया गया था, लेकिन वह समय पर काम पूरा नहीं कर सकी। 

काफी समय तक फाइलों में बंद रहा प्रस्ताव

उल्लेखनीय है कि नवी मुंबई आधुनिक कैमरे लगाने का प्रस्ताव पहले काफी समय तक फाइलों में बंद रहा, लेकिन जब नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर पद की बागडोर अभिजीत बांगर ने संभाली उसके बाद इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल पायी थी। किन्तु इसके बाद भी कैमरा लगाने का काम पूरा नहीं किया जा सका है। 

इन इलाकों में लगाया जाना है सीसीटीवी कैमरा

जानकारी के अनुसार, आधुनिक सिस्टम के इन कैमरों की क्षमता वाहनों की नंबर प्लेट दूर से पढ़ने और रिकॉर्ड करने की है। इन कैमरों से नियंत्रण कक्ष में नंबर प्लेट को पूरी स्पष्टता से देखा जा सकता है। इन कैमरों को शहर के सभी बड़े चौराहों, पार्कों, महानगरपालिका मुख्यालय के सामने, ठाणे-बेलापुर रोड, पाम बीच मार्ग पर लगाया जाना हैं। इसके आलावा इन कैमरों को नवी मुंबई महानगरपालिका की सीमा में खाड़ी किनारों पर भी लगाया जाना है। 

विभिन्न सिग्नलों पर लगाए जाने हैं इतने कैमरे

नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में बनाए गए सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष को पुलिस आयुक्तालय में बने नियंत्रण कक्ष के साथ जोड़ दिया जाएगा, ताकि दोनों विभाग एक साथ नजर रख सके। इसके साथ ही महानगरपालिका के प्रत्येक वार्ड कार्यालय से भी और स्थानीय पुलिस स्टेशन से भी इन कैमरों को जोड़ा जाएगा और स्क्रीन लगायी जाएगी ताकि स्थानीय पुलिस स्टेशन भी अपने क्षेत्र की तस्वीर स्क्रीन पर देख सकें। सिग्नल तोड़ने वाले वाहनों पर नजर रखने के लिए 96 कैमरे विभिन्न सिग्नलों पर लगाए जाने हैं । 

नवी मुंबई महानगरपालिका की सीमा में 1,605 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की अवधि 31 मार्च 2023 थी, लेकिन उसके बाद भी ठेकेदार ने काम समय पर पूरा नहीं किया है। इसलिए नवी मुंबई महानगरपालिका ठेकेदार पर फाइन लगाने पर विचार कर रही है।

-शिरीष आदरवाड़, संयुक्त शहर अभियंता

कुछ तकनीकी कारणों की वजह से सीसीटीवी कैमरों को लगाने का काम समय पर पूरा नहीं किया जा सका है। हालांकि कैमरा लगाने का काम तेज गति से जारी है। जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

-राहुल कोठावड़े, परियोजना प्रमुख, टाटा एडवांस सिस्टम