Bhiwandi Municipal Corporation

    Loading

    भिवंडी : भिवंडी (Bhiwandi) महानगरपालिका (Municipal Corporation) में कांग्रेस (Congress) के 18 बागी नगरसेवकों (Corporators) के भाग्य का फैसला आज होना तय है। कोंकण कमिश्नर द्वारा कांग्रेस के बागी नगरसेवकों के भाग्य का निर्णय आज किए जाने के आसार है। बागी कांग्रेसी नगरसेवकों के भाग्य का फैसला होने के उपरांत महानगरपालिका में राजनीतिक दलों का अंकगणित बदल जाएगा। शहरवासियों की निगाहें कोंकण कमिश्नर के फैसले पर टिकी हुई है।

    गौरतलब है कि 5 दिसंबर 2019 को महानगरपालिका महापौर और उपमहापौर का चुनाव महासभा पटल पर हुआ था। महापौर चुनाव में कांग्रेस की तरफ से रिसिका प्रदीप राका और कोणार्क विकास आघाडी की तरफ से प्रतिभा विलास पाटील महापौर पद की उम्मीदवार थी। आश्चर्यजनक तथ्य है कि महानगरपालिका में कांग्रेस के सर्वाधिक 47 नगरसेवक होने के बावजूद कांग्रेस की महापौर पद की प्रत्याशी रिसिका प्रदीप राका कोणार्क विकास आघाड़ी प्रत्याशी प्रतिभा विलास पाटील से 9 वोटों के अंतर से महापौर का चुनाव हार गई। महापौर चुनाव में कांग्रेस की हार का प्रमुख कारण लालच के वशीभूत होकर कांग्रेस के 18 नगरसेवकों का पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर मनमानी से कोणार्क विकास आघाडी प्रत्याशी प्रतिभा विलास पाटील को मतदान किया जाना बताया जाता है।

    नगरसेवकों पर फैसला देना तय 

    कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष द्वारा चुनाव में दी गई व्हिप का उल्लंघन कर कांग्रेस के 18 नगरसेवकों ने कोणार्क विकास आघाडी प्रत्याशी प्रतिभा विलास पाटील की जीत सुनिश्चित करने में अहम रोल अदा किया। महापौर चुनाव में भारी बहुमत के बावजूद अप्रत्याशित हार के बाद कांग्रेस पार्टी बौखला गई और महानगरपालिका  पूर्व महापौर जावेद दलवी ने बागी नगरसेवकों के खिलाफ दलबदल कानून के तहत महानगरपालिका नगरसेवक सदस्यता रद्द करने के लिए कोकण कमिश्नर का दरवाजा खटखटाया। कोंकण कमिश्नर ने 2 वर्ष की लंबी सुनवाई के पश्चात आज बागी नगरसेवकों पर फैसला देना तय किया है।

    कोंकण कमिश्नर के फैसले पर टिका

    राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के बागी नगरसेवकों की सदस्यता रद्द होना तय है और 18 बागी नगरसेवक करीब 6 वर्षों अर्थात 2 कार्यकाल के लिए महानगरपालिका चुनाव लड़ने के लिए अपात्र घोषित किए जाएंगे। शहरवासियों की निगाहें आज होने वाले  कोंकण कमिश्नर के फैसले पर टिकी है।

    कांग्रेस के बागी 18 नगरसेवकों के नाम

    • इमरान वली मो.खान
    • मिस्बा इमरान खान
    • हुस्ना परवीन याकूब
    • अरशद फरिस्ते
    • मलिक मोमिन
    • अहमद सिद्दीकी
    • अंजुम अहमद सिद्दीकी
    • मतलूब सरदार
    • याकूब शेख
    • राबिया दानिश अंसारी
    • तफज्जुल अंसारी
    • नसरुल्ला उर्फ बहत्तर
    • रईस कानपुरी
    • समीना शाहिद अंसारी,
    • नमरा औरंगजेब अंसारी
    • शबनम महबूब अंसारी
    • जरीना तवाब अंसारी
    • शिफा असफाक

    90 नगरसेवकों वाली भिवंडी महानगरपालिका

    आदि कांग्रेसी नगरसेवकों के नाम शामिल है। बदले राजनीतिक घटनाक्रम में कांग्रेस के सभी 18 बागी नगरसेवकों नें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। कयास लगाया जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए नगरसेवकों को सदस्यता रद्द न होने का भरोसा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिया गया है। विदित है कि 90 नगरसेवकों वाली भिवंडी महानगरपालिका में कांग्रेस 47 शिवसेना, 13 भाजपा 19 कोणार्क विकास आघाडी के 11 नगरसेवक शामिल है।