Violence In Jodhpur

    Loading

    जोधपुर. राजस्थान (Rajasthan) का जोधपुर (Jodhpur) एक बार फिर सांप्रदायिक तनाव (Communal tension) की आग से सुलग उठा है। जोधपुर के सूरसागर (Sursagar) में राजाराम सर्किल के पास मंगलवार को दो समुदायों के बीच झड़प के बाद जमकर पथराव हुआ। जिसमें दो लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने तनाव को देखते हुए इलाके में धारा 144 लगा दी है।

    300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

    मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक यहां दो युवकों पर हमला हुआ। जिसके बाद दोनों समुदाय एक दूसरे के सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। यहां लगभग 300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात है। वहीं, कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

    जोधपुर के कमिश्नर ने पथराव और हिंसा की खबर को किया ख़ारिज

    उधर, जोधपुर के कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने पथराव और हिंसा की रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि यहां दो गुटों के बीच मामूली झड़प हुई थी। जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। मौके पर 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। स्थिति अभी सामान्य है। गोगोई ने बताया कि जोधपुर शहर के सूरसागर में मंगलवार रात दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि यहां दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। जिसमें दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। जिसके बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने बीच-बचाव करने गए व्यक्ति पर हमला बोल दिया और विवाद बढ़ गया।

    2 मई को हुई थी दो समुदायों में झड़प

    इससे पहले 2 मई को ईद पर दो समुदायों में झड़प हुई थी। इस दिन परशुराम जयंती और ईद थी। परशुराम जयंती पर जुलूसके दौरान जालोरी गेट पर लाउडस्पीकर को लेकर दोनों समुदायों के बीच विवाद हुआ था, जो दो दिन तक चला था। इस मामले में 33 केस दर्ज हुए थे और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

    करौली में भी हुई हिंसा

    ऐसी ही हिंसा करौली में भी हुई थी। जहां हिंदू नववर्ष पर हिंदुओं की बाइक रैली पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव किया था। साथ ही कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया था। हालत चिंताजनक होने के चलते प्रशासन ने यहां कई दिनों तक कर्फ्यू लगाया था।