Opposition called Haryana's budget 'hollow', said- disappointed many sections
मनोहर लाल खट्टर (PIC Credit: Social Media)

Loading

चंडीगढ़: हरियाणा (Haryana) में विपक्षी दलों ने मंगलवार को राज्य के बजट (Budget) को ”खोखला” बताते हुए खारिज कर दिया और दावा किया कि इससे किसानों (Farmers) और महिलाओं (Women) सहित विभिन्न वर्गों को निराशा हुई है।   

उधर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायकों ने बजट को विकासोन्मुखी बताया और कहा कि यह हरियाणा को प्रगति के पथ पर ले जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, जिनके पास वित्त विभाग भी है, ने शुक्रवार को कुछ फसल ऋणों पर ब्याज और जुर्माना माफ करने की घोषणा की और करों में बढ़ोतरी नहीं की। उन्होंने 2024-25 वित्त वर्ष के लिए 1.89 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया।  

कांग्रेस की रेनू बाला ने बजट को ‘निराशाजनक’ बताया, आरोप लगाया कि इसमें महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए कुछ भी नहीं है। पार्टी की एक अन्य सदस्य शकुंतला खटक ने बजट को ”खोखला” बताया। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के एकमात्र विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सत्ता पक्ष ने बजट की सराहना की है जबकि कर्ज बढ़ रहा है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष की तुलना में वित्त वर्ष 2024-25 में बजट में केवल 6,000 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है, जबकि सरकार भारी कर्ज ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को कर्ज के जाल में धकेल दिया गया है।  

जननायक जनता पार्टी की नेत्री नैना चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना पांचवां बजट पेश किया, जो जन हितैषी है और इससे सभी वर्गों को लाभ होगा। भाजपा के नेता भव्य बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर ने बजट तैयार करते समय विभिन्न वर्गों के लिए कल्याणकारी प्रावधानों को ध्यान में रखा है। बिश्नोई ने कहा कि बजट में किसानों के कल्याण को भी ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसान के बेटे हैं और वे किसानों का दर्द समझते हैं।

हिसार जिले के आदमपुर से विधायक बिश्नोई ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राज्य प्रमुख नफे सिंह राठी की हत्या का संदर्भ देते हुए बिश्नोई गिरोह का उल्लेख किया और बिश्नोई समुदाय को बदनाम किया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने भाजपा सदस्य से झूठ नहीं फैलाने को कहा क्योंकि उन्होंने केवल कुछ खबरों का उल्लेख किया था, जिसमें रविवार को बहादुरगढ़ में इनेलो नेता की हत्या के संबंध में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के बारे में बात की गई थी।

(एजेंसी)