Waris Punjab De' founder Amritpal Singh's associate Lovepreet Toofan
PTI Photo

चंडीगढ़: कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह और उसके कुछ साथियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने के सिलसिले में रविवार को एक नयी प्राथमिकी दर्ज की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतिंदर सिंह ने कहा कि अमृतपाल के सात साथियों को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। 

लुधियाना में फ्लैग मार्च जारी 

इससे पहले पंजाब पुलिस ने खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस का पंजाब के गुरदासपुर और लुधियाना में फ्लैग मार्च जारी है। वहीं राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 20 मार्च तक बंद हैं। गौरतलब है कि, कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह के फरार रहने के बीच आज पंजाब पुलिस को जालंधर जिले में एक लावारिस कार मिली है, जिसमें से एक राइफल और कई दर्जन कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने हथियार बरामद किए और कहा कि इसकी संभावना है कि काले रंग की यह कार शनिवार को अमृतपाल के काफिले का हिस्सा थी। उन्होंने बताया कि यही कार एक दिन पहले एक वीडियो में नजर आई थी।  जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वर्णदीप सिंह ने कहा, ‘‘हमें पता चला था कि सलेमा गांव में एक लावारिस वाहन मिला है। वहां वाहन की चाभी भी पड़ी थी। एक निजी वॉकी टॉकी, ।315 बोर की एक राइफल और 57 कारतूस बरामद किए गए हैं।”  

78 सदस्य गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने शनिवार को अमृतपाल के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई शुरू की थी, जिसमें पुलिस ने उसके नेतृत्व वाले संगठन के 78 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, अमृतपाल को पकड़ने के प्रयास जारी हैं, जिसने शनिवार को जालंधर जिले में उसके काफिले को रोके जाने पर पुलिस को चकमा दे दिया था।

पहले भी हुई थी प्राथमिकी दर्ज 

पुलिस ने 23 फरवरी को हुए अजनाला प्रकरण में अमृतपाल और उसके साथियों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। रविवार को सिंह ने अमृतसर में संवाददाताओं से कहा कि पुलिस ने शनिवार को जालंधर के मेहतपुर के पास अमृतपाल के सात सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे अमृतपाल के काफिले का हिस्सा थे।

12 बोर की छह बंदूक और कारतूस जब्त 

उन्होंने कहा कि 12 बोर की छह बंदूक और कुछ कारतूस जब्त किए गए हैं, जो अवैध हैं। शनिवार रात सात आरोपियों की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए एसएसपी ने कहा, ‘‘हमने बीती रात शस्त्र अधिनियम के तहत एक नयी प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें अमृतपाल मुख्य आरोपी है। इस ताजा प्राथमिकी में वह सात भी आरोपी हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।”  (भाषा इनपुट के साथ)