ओडिशा में दुष्कर्म का आरोपी हुआ सात साल बाद गिरफ्तार

    Loading

    केंद्रपाड़ा : ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में 16 साल की एक लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद सात साल से फरार चल रहे 31 वर्षीय आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी 2014 में किशोरी से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद बेंगलुरु फरार हो गया था और वहां नलसाज (प्लंबर) के तौर पर काम कर रहा था। 

    पत्तामुंडाई पुलिस थाने के निरीक्षक राकेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को रविवार को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड के तहत लाया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। केंद्रपाड़ा पुलिस ने एक ट्वीट में कहा कि नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी की पत्तामुंडाई पुलिस थाने के थाना प्रभारी के नेतृत्व में गिरफ़्तारी इस मामले में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

    आरोपी पिछले सात साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि नई दिल्ली से 2019 में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता ने 2015 में एक बच्ची को जन्म दिया था। आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म, अभद्र व्यवहार, आपराधिक धौंस के आरोप हैं और उन पर यौन अपराध से बाल संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। (एजेंसी)