पूर्व CM चंद्रबाबू नायडू की सभा में मची भगदड़; सात की गई जान, कई घायल

    Loading

    अमरावती: आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के कंदुकुरु में आज तेलगु देसम पार्टी के नेता एन चंद्रबाबू नायडू द्वारा आयोजित एक जनसभा के दौरान भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कम से कम सात कार्यकर्ताओं की मौत होने की खबर है। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की खबर है।

    आंध्र प्रदेश पुलिस ने बताया कि, जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद यह भगदड़ मची। इस दौरान टीडीपी के सात कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

    10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

    उल्लेखनीय है कि, पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू अपनी पार्टी के अभियान के तहत जिले का दौरा कर रहे थे और हजारों समर्थक कंदुकुर में उनका स्वागत करने के लिए एकत्र हुए थे। इस घटना के बाद पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू बीच में ही रोड शो छोड़कर अस्पताल चले गए, जहां घायलों को भर्ती कराया गया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

    बीजेपी नेता विष्णु वर्धन रेड्डी ने जताया दुख

    बीजेपी नेता के विष्णु वर्धन रेड्डी ने इस हादसे पर ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा कि, “कंदुकुर, आंध्र प्रदेश में टीडीपी की रैली में भगदड़ में 7 से अधिक लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। मैं राज्य सरकार से अनुरोध करता हूं कि वह जल्द से जल्द आपातकालीन-चिकित्सा सहायता प्रदान करे। घायलों और पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ओम शांति।”