Bhagwant Mann
भगवंत मान (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    नई दिल्ली: पंजाब में आप की बंपर जीत के बाद आज भगवंत मान (Punjab CM Bhagwant Mann) ने मुख्यमंत्री की शपथ ले ली है। शपथग्रहण समारोह स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव में आयोजित किया गया है। मान अब पंजाब के 17वें सीएम बन गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पंजाब में मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे हैं। शपथ लेने से पहले मान ने कहा था कि पूरा पंजाब, भगत सिंह और बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों को पूरा करने की शपथ लेगा। 

    गौर हो कि पंजाब के शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर जिले में स्थित खटकड़ कलां गांव में मान के शपथ ग्रहण समारोह का पूरा प्रोग्राम रखा गया है। यह स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का पैतृक गांव है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करके भगवंत मान को बधाई दी है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पंजाब के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान जी को शपथ समारोह के लिए अनंत बधाई और शुभकामनाएँ! आशा है उनके कुशल नेतृत्व में पंजाब में तरक़्क़ी, भाईचारे और नये नज़रिये की फसल ख़ूब लहलहाएगी। 

    उल्लेखनीय है कि इससे पहले भगवंत मान ने पंजाबी में ट्वीट किया कि सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। भगत सिंह और बाबासाहेब के सपनों को पूरा करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां गांव में शपथ लेगा।

    मान के शपथ से पहले केजरीवाल ने ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था कि ‘आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नयी उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है। साथ ही कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3 और बीजेपी को 2 सीटों पर जीत मिली है।