Keshav Prasad Maurya

    Loading

    लखनऊ: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय  जौनपुर (Veer Bahadur Singh Purvanchal University Jaunpur) के आर्य भट्ट सभागार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन में संपोषित विकास की अवधारणा विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ द्वारा आयोजित की गई। इसके साथ ही अशोक स्तंभ और लाइब्रेरी समेत तीन भवनों का लोकार्पण और हस्तनिर्मित स्वदेशी मेला का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) द्वारा किया गया। 

    संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश को दुनिया में आगे करना है, तो इसके लिए उत्तर प्रदेश को आगे करना होगा, इस कार्य में पूर्वांचल विश्वविद्यालय (Purvanchal University) का बड़ा योगदान होगा, यह विश्वविद्यालय शोध का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम स्वदेशी उत्पादन के क्षेत्र में जितना आगे जाएंगे ,हमारी अर्थव्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। 

    शोध की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं

    उन्होंने कहा कि पिछड़े गांवों को विकसित गांव करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना को उत्तर प्रदेश पूरा कर रहा है, वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंचे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में महापुरुषों के नाम पर कई केंद्र खुलने का असर यह है कि हम उनसे ऊर्जा लेकर शोध की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर आगे बढ़े, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा के साथ ही  महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों से एक अलग छवि का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कौशल विकास केंद्र के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है, कुलपति ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं खेल मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चन्द्र यादव को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 

     तीन पुस्तकों का किया विमोचन 

    संगोष्ठी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कुलपति प्रो. निर्मला मौर्य ने डॉ. मनोज मिश्र और डॉ. सुधीर उपाध्याय द्वारा सम्पादित पुस्तक  एनवायरमेंटल कम्युनिकेशन- लैब टू लैंड, प्रो. मानस पाण्डेय द्वारा सम्पादित दीनदयाल उपाध्याय का युग बोध, प्रो मानस पाण्डेय और डॉ. आशुतोष सिंह द्वारा सम्पादित पुस्तक टूरिज्म इन इंडिया चौलेंजेज एंड अपारच्युनिटी पुस्तक का विमोचन किया। 

    उपमुख्यमंत्री ने तीन भवनों का किया लोकार्पण

    यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीर बहादुर सिंह पूर्वाचल विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य द्वार पर लगे अशोक स्तम्भ, प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भईया) भौतिकीय अध्ययन और शोध संस्थान, विवेकानन्द केन्द्रीय पुस्तकालय के नवीन भवन और उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान के समीप अशोक सिंघल परम्परागत विज्ञान एवं तकनीकी संस्थान का लोकार्पण किया।

    हस्त निर्मित स्वदेशी मेला लगा 

    विश्वविद्यालय परिसर में हस्त निर्मित स्वदेशी मेला का आयोजन किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मेले का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा  26 स्टाल लगाए थे, उपमुख्यमंत्री  ने स्टालों का निरीक्षण किया और कम समय में इतना बढ़िया मेला लगाने पर आयोजक मण्डल की प्रशंसा की। इसका संयोजन महिला अध्ययन केंद्र एवं कौशल विकास केंद्र द्वारा किया गया था, जिसका संयोजन डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव ने किया।