Nand Gopal Gupta Nandi

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) ने कलेक्ट्रेट सभागार गौतमबुद्धनगर में विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विकास कार्यों की समीक्षा की। जिसमें तीनों प्राधिकरणों के अधिकारियों ने प्रस्तावित योजनाओं और विकास कार्यों का पूरा खाका औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के सामने रखा। 

    समीक्षा बैठक में मंत्री नन्दी ने कहा कि ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 में हुए 80,224 करोड़ रुपए के निवेश में से 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश मेरठ मंडल में ही होने जा रहा है। इसलिए मेरठ मंडल की जिम्मेदारी बढ़ गई है कि प्रदेश में निवेश और बढ़े इसके लिए और बेहतर विकास कार्य किए जाएं। मंत्री नन्दी ने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा की गई गड़बड़ियों का परिणाम आज जनता भुगत रही है। प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसीलिए मंडलवार मंत्री समूह बकाकर मंत्रिगणों की ड्यूटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगाई है। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन इकोनॉमी वाला राज्य बनाने में प्राधिकरणों के अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विलम्ब से आए सीई हाईडिल के विरूद्ध कार्रवाई की टिप्पणी कार्यवृत्त में जाए।

    390 करोड़ रुपए के कार्य पांच वर्षों में पूर्ण किए गए

    सीईओ नोएडा विकास प्राधिकरण ऋतु महेश्वरी ने विकास कार्यों और योजनाओं को प्रेजेंटेशन के जरिए औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के सामने रखा। मंत्री नन्दी ने सीईओ से पूछा कि जिन लोगों ने मुआवजा ले लिया है, क्या उन सभी लोगों से जमीन खाली करा ली गई है, जिस पर सीईओ ने कहा नहीं, सभी से अभी जमीन खाली नहीं कराई जा सकी है। सीईओ नोएडा ने बताया कि नोएडा में 80 गांव हैं, 390 करोड़ रुपए के कार्य पांच वर्षों में पूर्ण किए गए है। उन्होंने कहा कि आने वाली दो परियोजनाएं प्रमुख हैं। एक्वा लाइन एक अन्य पीपीपी मॉडल पर बनेगी। एक्सप्रेस-वे पर फसाड लाइट मेंडेटरी कर दी गई है।

    54000 स्ट्रीट लाइट एलईडी में होगी कनवर्ट

    सीईओ ग्रेटर नोएडा सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एनसीएलटी में चल रहे केस बड़ा चैलेंज हैं। बड़ी संख्या में अधूरे और कमी वाले प्रोजेक्ट रिजेक्ट करने पड़ रहे हैं। एनसीएलटी एक्ट में संशोधन की आवश्यकता है क्योंकि प्रेजेंटली फायदा बिल्डर को ही हो रहा है प्रोजेक्ट में। गंगाजल परियोजना का लोकार्पण जल्द ही प्रधानमंत्री से कराए जाने की तैयारी की जा रही है। सीईओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के 54, 000 स्ट्रीट लाइट को एलईडी में कनवर्ट कराया जाएगा। जिसका काम सूर्या कम्पनी को दिया गया है।

    पांच आदर्श गांवों के टेंडर दिए जा रहे 

    सीईओ ने बताया कि फेस 1 में 14 आदर्श गांवों का विकास किया जाएगा। पांच आदर्श गांवों के टेंडर दिए जा रहे हैं। कहा कि विक्रेता बाजार पांच पर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। वहीं दस पर डिजाइन अप्रूव हो गया है। जल्द ही स्टीमेंट बना कर पास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरसा के पास साढ़े सात करोड़ रुपए की लागत से 200 ट्रक खड़े करने का स्टैंड पार्क बन रहा है। ताकि जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाए। इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के लिए आरएफपी तैयार है। स्मार्ट बस स्टैंड बनाने की तैयारी है।

    1000 एकड़ में सेमी कंडक्टर बनाने का काम होगा

    सीईओ यीडा अरूणवीर सिंह ने बताया कि मुख्यतः अभी यह प्राधिकरण फेज-1 में काम कर रहा है। फेज-2 टप्पल बाजना में काम होगा। अरूणवीर सिंह ने कहा कि लॉजिस्टिक पार्क का 174 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि की है। इंडस्ट्रियल अलॉटमेंट भी बढ़़ रहा है। सात पार्क बना रहे हैं। 1000 एकड़ में सेमी कंडक्टर बनाने का काम होगा। जेवर एयरपोर्ट योजना में कुछ विकास के रास्ते बंद हो गए थे, जिसके लिए अल्टरनेट रास्ते बनाए गए हैं। अरूणवीर सिंह ने कहा कि दिल्ली से बल्लभगढ़ एक्सप्रेस-वे बनाने का काम कर रहे हैं। बुलट ट्रेन से दो घंटा 29 मिनट में दिल्ली से लखनऊ पहुंचेंगे। इस पर कार्य हो रहा है। कनेक्टिविटी के हिसाब से यह क्षेत्र देश का महत्वपूर्ण स्टेशन बनेगा। 30 सितम्बर तक तीन स्मार्ट गांवों का औद्योगिक विकास मंत्री द्वारा लोकार्पण कराया जाएगा। आईजीआरएस में सेटिस्फेक्शन लेवल 86 प्रतिशत है। आज की तारीख में कोई शिकायत लम्बित नहीं है। प्रत्येक दिन सीईओ शाम चार से सात बजे तक किसानों की समस्याओं का समाधान करते हैं।