Keshav Prasad Maurya

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित स्वयं सहायता समूहों को रिवाल्विंग फंड और सामुदायिक निवेश निधि वितरण कार्यक्रम जिला पंचायत सभागार प्रयागराज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने 7,724 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रिवाल्विंग फंड एवं सामुदायिक निवेश निधि का ऑनलाइन हस्तातंरण बटन दबाकर किया। उपमुख्यमंत्री ने अच्छा कार्य करने वाली बीसी सखियों, बैंक सखियों, विद्युत सखियों और अन्य समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनकों सम्मानित किया और सामुदायिक निवेश निधि और रिवाल्विंग फंड के तहत महिलाओं को चेक का वितरण किया।

    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लगातार मातृत्व शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। आज महिलाएं अपनी प्रतिभा शक्ति का लोहा पूरे देश में मनवा रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएं शक्तिशाली नहीं होगी तब तक उनका परिवार भी शक्तिशाली नहीं हो सकता है। 

    बिचौलियों का खेल खत्म हो गया

    उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज भ्रष्टाचार पर रोक लगाते हुए जो भी राशि केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा भेजी जा रही है, वे सीधे लाभार्थी के खाते तक पहुंच रही है। बिचौलियों का खेल खत्म हो गया है। योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लाभार्थिंयों तक पहुंच रहा है। सरकार महिलाओं के सम्मान और आमदनी को बढ़ाने का लगातार प्रयास कर रही है। बैंक सखी, विद्युत सखी, बीसी सखी आदि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा कार्य किया जा रहा है और कमीशन के द्वारा आय अर्जित कर रही है। आज महिलाएं एक जनपद एक उत्पाद के तहत भी कार्य कर अपने उत्पादों को अच्छे दामों में बेच रही है और अपनी आय में वृद्धि कर रही है। सरकार उनकी आय को बढ़ाने के लिए तत्पर है। इसके लिए इन्हें अच्छी ट्रेनिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे इनके उत्पादों का अच्छा मूल्य प्राप्त हो सके। 

    महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा

    उन्होंने कहा कि मनरेगा के अन्तर्गत होने वाले भुगतान बीसी सखियों के द्वारा कराये जाने और हर ग्राम सभा में विद्युत सखी हो, इसका प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार हर परिवार के जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास कर रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह आपके साथ है, यह हम आपकों विश्वास दिलाते हैं। इस अवसर पर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चैधरी, गणेश केसरवानी, अवधेश चन्द्र गुप्ता, विभवनाथ भारती, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, मुख्य विकास अधिकारी शिपू गिरि सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।