
- इंदौर के इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव- 2023 में राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए वाराणसी स्मार्ट सिटी के सीईओ
- वाराणसी में लगे 3000 एडवांस सर्विलांस कैमरे से इंदौर ने वाराणसी के सुरक्षा कवच को लाइव देखा
- वाराणसी के विकास मॉडल को देखने प्रदर्शनी में उमड़ रही भीड़
- वाराणसी स्मार्ट सिटी 2018 से अभी तक 51 परियोजना का काम हुआ पूरा
वाराणसी: ब्रांड बनारस की पहचान विश्व में विरासत और विकास के साथ स्मार्ट सिटी के तौर पर होने लगी है। शहरी एवं आवास कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इंदौर में आयोजित इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव -2023 (India smart city conclave 2023 Indor) में वाराणसी (Varanasi) को उत्तरी जोन में बेस्ट स्मार्ट सिटी (Best Smart City award) का अवार्ड दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को वाराणसी स्मार्ट सिटी के सीईओ और नगर आयुक्त शिपू गिरि को सम्मानित किया। परियोजनाओं के समय से क्रियान्वयन, सक्सेस स्टोरी, परियोजनाओं की उपयोगिता, कुशल जनसहभागिता एवं फ़ीडबैक प्रणाली के आधार पर पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
प्रदर्शनी में वाराणसी मॉडल की धूम
आयोजन में प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें वाराणसी के प्रमुख कार्यों को मॉडल के माध्यम से दर्शाया गया है। जिसका बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अवलोकन किया। वाराणसी में लगे 3000 एडवांस सर्विलांस कैमरे से वहां के सुरक्षा कवच को लाइव दिखाया गया। इसके अलावा रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, मच्छोदरी मॉडल स्कूल, वाराणसी की गलियों का अत्याधुनिक तरीके से विकास, इंटीग्रेटेड सिटी कमांड सेंटर आदि का प्रदर्शन किया गया।
यह काशी वासियों का सम्मान
वाराणसी स्मार्ट सिटी के पीआरओ शाकंभरी नंदन सोंथालिया ने बताया कि शहरी एवं आवास कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इंदौर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कंटेस्ट में वाराणसी स्मार्ट सिटी को उत्तरी जोन (10 लाख से अधिक आबादी) में बेस्ट सिटी अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान मुख्य कार्यकारी अधिकारी, वाराणसी स्मार्ट सिटी शिपू गिरि ने ग्रहण किया। मुख्य महाप्रबंधक, वाराणसी स्मार्ट सिटी डॉ. डी. वासुदेवन ने इस पुरस्कार को समस्त काशी वासियों का सम्मान बताते हुए कहा कि वाराणसी का अलौकिक एवं आध्यात्मिक रूप के साथ यह आधुनिक संगम काशी के विकास को उदीयमान कर रहा है। मंडलायुक्त व अध्यक्ष, वाराणसी स्मार्ट सिटी कौशल राज शर्मा ने काशीवासियों को शुभकामना देते हुए इसे गर्व का विषय़ बताया। साथ ही कहा कि भविष्य में भी वाराणसी स्मार्ट सिटी के अंतर्गत शहर के चहुमुंखी विकास के लिए तत्पर रहेगी।
ब्रांड बनारस को विश्व में पहचान दिलाने वाले स्मार्ट सिटी के कुछ प्रमुख काम