Club-Q-Firing

    Loading

    नई दिल्ली: अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स शहर के एक नाइट क्लब में रविवार (भारतीय समयानुसार) को ताबड़तोड़ गोलीबारी होने की खबर सामने आई है। इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए है।

    न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखी खबर के अनुसार, कोलोराडो स्प्रिंग्स पुलिस विभाग के अधिकारी लेफ्टिनेंट पामेला कास्त्रो ने बताया कि, एलजीबीटीक्यू नाइट क्लब में शनिवार देर रात हुई गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि, आंकड़ों में बदलाव भी हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

    पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि, पुलिस को रात 11:57 बजे गोलीबारी के बारे में कॉल आई। जिसके तुरंत बाद पुलिस टीम क्लब में पहुंची। वहीं, पुलिस ने एक व्यक्ति को संदिग्ध मानते हुए उसे हिरासत में भी लिया है। इस गोलीबारी में संदिग्ध व्यक्ति भी घायल हो गया था, जिसका अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

    इस गोलीबारी के बारे में जानकारी देते हुए ‘क्लब क्यू’ ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, “हमारे समुदाय पर मूर्खतापूर्ण हमले से बर्बादी।” क्लब ने आगे कहा, “हम हीरो जैसे कस्टमरों की त्वरित प्रतिक्रियाओं का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमलावर को वश में कर लिया और इस घृणास्पद हमले को रोक दिया।”