अहमदाबाद का पुलिस कमिश्नर बताकर पुलिस से 24 हजार ठगे, मुंबई से गिरफ्तार हुआ ठग

    Loading

    पिंपरी: खुद को अहमदाबाद (Ahmedabad) का पुलिस कमिश्नर (Police Commissioner) बताकर पिस्तौल (Pistol) की अवैध बिक्री के बारे में जानकारी देने का नाटक करके पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के अधिकारियों से 24 हजार रुपए का गबन किया है। पुलिस (Police) ने इस ठग को मुंबई (Mumbai) से गिरफ्तार (Arrested) किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान खलीलुल्लाह ऐनउल्लाह खान (40) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पुलिस निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण ने चिंचवड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 दिसंबर से 28 दिसंबर तक, आरोपी खान ने सीधे पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश के कार्यालय टेलीफोन नंबरों के साथ-साथ नियंत्रण कक्ष में पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय को सीधे कॉल किया। उसने कृष्ण प्रकाश का मोबाइल नंबर यह कहते हुए पूछा कि वह अहमदाबाद का पुलिस कमिश्नर विजय सिंह है और उसे पिस्तौल की अवैध बिक्री के बारे में जानकारी देनी है। उसी के अनुसार उसे पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश का नंबर दिया गया। उसके बाद उसने दोबारा फोन किया और कहा कि मैंने पुलिस कमिश्नर को 25 बार फोन किया, लेकिन उन्होंने मेरे कॉल का जवाब नहीं दिया।

    गोरेगांव से किया अरेस्ट

    यही नहीं खान ने संबंधित पुलिस उपायुक्त, सहायक आयुक्त, पुलिस निरीक्षक दर्जे के अधिकारियों के मोबाईल नंबर हासिल किए। पुलिस निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण, सहायक निरीक्षक डॉ. अशोक डोंगरे, फौजदार प्रदीपसिंह सिसोदे को उसने कॉल किए। विश्वास अर्जित करने के लिए फोटो भेजकर बताया कि आपके क्षेत्र में चार-पांच पिस्टल बिकेंगे। इसके लिए उसने 15 हजार रुपए की मांग की। उसने मुंबई में खलीलुल्लाह खान के नाम से बैंक खाते की जानकारी भेजी। इस पर शक होने पर उन्होंने पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश को सूचित किया और एक दस्ता बनाया। पुलिस टीम ने गोरेगांव में जाल बिछाया। उसे पेटीएम और गूगल पे के जरिए 24,000 रुपए भेजे गए थे। उसे बातों में उलझाकर गिरफ्तार किया गया था। खान ने इससे पहले मुंबई में कई पुलिस अधिकारियों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की थी और उसके खिलाफ मुंबई में तीन मामले दर्ज किए गए हैं। चिंचवड़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।