राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और मनसे पदाधिकारियों ने कलवा खाड़ी निर्माणाधीन पुल का किया दौरा

    Loading

    ठाणे : पिछले सात वर्षों से निर्माणधीन कलवा खाड़ी (Kalwa Bay) पर तीसरे पुल (Bridge) को शीघ्र शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) से की गयी है। लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है। जिसे संज्ञान में लेते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) और मनसे (MNS) पदाधिकारियों ने पुल का जायजा लिया। 

    स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पदाधिकारियों के साथ दोपहर साढ़े तीन बजे पुल का जायजा लिया और आधे घंटे बाद शहर मनसे अध्यक्ष रविंद्र मोरे ने कार्यकर्ताओं के साथ पुल का निरिक्षण किया। इस अवसर पर आव्हाड ने मिडिया से बातचीत में सवाल किया की आखिरकार मुख्यमंत्री आंदोलन की राह क्यों देख रहे हैं? एकनाथ शिंदे ठाणे से है इसलिए यह उनका हक़ है। मुख्यमंत्री शिंदे पुल का जल्द उद्घाटन कर ठाणे के लोगों के साथ न्याय करें और उन्हें दिवाली भेट दें। पुल के निरीक्षण के बाद रविंद्र मोरे ने भी कहा कि जब एक लेन का काम पूरा हो गया है तो उसे जल्द शुरू किया जाना चाहिए जिससे लोगों की परेशानी कम हो। अन्यथा आंदोलन करना पड़ेगा। 

    पुल के एक लेंन को दिसंबर 2021 में शुरू किया जाना था 

    ज्ञात हो कि 12 दिन पहले आव्हाड ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। उस समय पुल के एक लेन के लोकार्पण को लेकर मुख्यमंत्री सकारात्मक दिखे थे और नवरात्रि उत्सव के दौरान पुल के शुरू होने की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सात वर्ष का लंबा वक़्त गुजरने के बावजूद 183 करोड़ 66 लाख 61 हजार की लागत वाले तीसरे पुल का काम पूरा नहीं हो पाया है। पुल के एक लेंन को दिसंबर 2021 में शुरू किया जाना था लेकिन नहीं हुआ। उसके बाद मई, जून और जुलाई 2022 के अंत की डेडलाइन दी गयी। फिर नवरात्री के दौरान शुरू करने की चर्चा ने जोर पकड़ा लेकिन अभी तक शुरू नहीं हुआ है।