murshidabad, blast, ramnavami
पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर हिंसा

Loading

नई दिल्ली/मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल (West Bengal) से मिली बड़ी खबर के अनुसार, यहां बीते बुधवार को रामनवमी (Ram Navami) के अवसर पर दो जगह हिंसा हुई है। मिली खबरों के अनुसार मुर्शिदाबाद (Murshidabad) जिले के बेलडांगा (Beldanga) शहर में मस्जिद के पास से शोभायात्रा निकालने के बाद दो समुदायों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। इस बीच यहां बम फटने की भी सूचना मिली।

मिली खबर के अनुसार, मेदिनीपुर के इगरा में भी दो समुदाय के बीच झड़प हुई और आगजनी की गई। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट को मानें तो, हिंसा में अब तक 18 लोगों के घायल होने की खबर है। इसमें दो नाबालिग, एक महिला और कुछ पुलिस कर्मी भी शामिल हैं।

रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान विस्फोट
एजेंसी समाचार के अनुसार, पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर में बीते बुधवार शाम को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुए विस्फोट में एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस घायल महिला को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। इस बाबत एक पुलिस अधिकारी ने ‘PTI’ को बताया, ‘‘विस्फोट आज शाम को हुआ। इसमें एक महिला घायल हो गई। हम घटना की जांच कर रहे हैं।” हालांकि, अधिकारी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि विस्फोट बम से हुआ या किसी अन्य कारण से धमाका हुआ।

मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में हुई पत्थरबाजी भी
इस बाबत BJP आईटी सेल के संचालक अमित मालवीय ने हिंसा के कुछ वीडियो शेयर किए हैं। उन्होंने लिखा कि, CM ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के लिए कलंक हैं। वह एक बार फिर रामनवमी शोभा यात्रा की सुरक्षा करने में विफल रही। इस बार मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में हिंदू श्रद्धालुओं को निशाना बनाया गया। इस क्षेत्र में हिंदू अल्पसंख्यक हैं। रेजीनगर में एक छत से लोगों के पत्थरबाजी करने का भी वीडियो सामने आया है।

इधर अब मामले पर TMC ने BJP पर चुनाव से पहले तनाव पैदा करने का आरोप लगाया है। TMC नेता शांतनु सेन ने कहा कि, BJP चुनाव से पहले दंगे कराने की कोशिश कर रही है। हम हिंसा की ऐसी घटनाओं की निंदा करते हैं, जिसको बढ़ाने में BJP का हाथ है।