Varsha Gaikwad and Poonam Mahajan
वर्षा गायकवाड़ और पूनम महाजन (फोटो: एक्स)

कांग्रेस पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़ को मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया। वह भारतीय जनता पार्टी की सांसद पूनम महाजन को चुनौती देंगी।

Loading

नई दिल्ली. कांग्रेस (Congress) ने महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) की पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़ (Varsha Gaikwad) को मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से बृहस्पतिवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वर्षा के नाम को स्वीकृति प्रदान की। वह इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी की सांसद पूनम महाजन को चुनौती देंगी।

मुंबई उत्तर मध्य से वर्षा गायकवाड़ के पिता एकनाथ गायकवाड़ सांसद थे। कांग्रेस ने वर्षा को ऐसे समय उम्मीदवार बनाया है जब हाल ही में उन्होंने मुंबई में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर असंतोष जताया था। उन्होंने गत 11 अप्रैल को कहा था कि कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के नेतृत्व को लोकसभा चुनाव में मुंबई महानगर में सीट का बेहतर बंटवारा सुनिश्चित करने के लिए महा विकास आघाड़ी के तीनों घटक के बीच सीटों का समान बंटवारा करना चाहिए था।

मुंबई में छह लोकसभा सीट हैं। सीट बंटवारे के तहत एमवीए के सहयोगियों के बीच हुए समझौते के अनुरूप मुंबई (उत्तर), मुंबई (उत्तर-मध्य) कांग्रेस को आवंटित की गई हैं, जबकि शेष चार सीट- मुंबई (दक्षिण), मुंबई (दक्षिण-मध्य), मुंबई (उत्तर-पूर्व) और मुंबई (उत्तर-पश्चिम) शिवसेना (यूबीटी) के पास गई है।

महाराष्ट्र में एमवीए गठबंधन ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए सीट-बंटवारे की घोषणा की, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) ने 21 सीट के साथ एक बड़ा हिस्सा हासिल किया है, जबकि कांग्रेस 17 पर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) 10 सीट पर चुनाव लड़ रही है। (एजेंसी)