Second Phase Election campaign ends, BJP Wokers campaigning
बीजेपी कार्यकर्ता प्रचार करते हुए (फोटो: पीटीआई)

देश में पहले चरण की 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार बुधवार को खत्म हो गया है। अब मतदान 19 अप्रैल को होगा।

Loading

नई दिल्ली. देश में पहले चरण की 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार आज (बुधवार) खत्म हो गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस समेत तमाम राजनितिक दलों के बड़े नेताओं ने अपने उम्मीदवारों का जमकर प्रचार किया और लोगों से वोट मांगे। अब मतदान 19 अप्रैल को होगा।

देश के 21 राज्यों की 102 सीटों पर चुनाव प्रचार समाप्त हुआ है। भाजपा और कांग्रेस ने मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव वाले निर्वाचन क्षेत्रों में कई रैलियों को संबोधित किया और महिलाओं और युवाओं समेत हर तपके के लोगों से कई वादे किए।

मोदी, राहुल और प्रियंका ने की रैलियां
प्रधानमंत्री ने आज असम के नलबाड़ी और त्रिपुरा के अगरतला में दो चुनावी रैलियां कीं। जबकि, प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चुनावी रैली की। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक में प्रचार किया। इसका अलावा राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गाजियाबाद में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दोनों नेताओं ने 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता की।

बता दें कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीट हैं। इनमें कांग्रेस 17 और समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य सहयोगी दल 63 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा को सिर्फ 150 सीट मिलेगी
राहुल और अखिलेश में भाजपा निशाना साधते हुए कहा कि भगवा पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि मैं सीट को लेकर अनुमान नहीं लगाता, लेकिन इतना जरूर कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के गठबंधन का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा, “15- 20 दिन पहले लग रहा था कि भाजपा को 180 सीटें मिलेंगी, लेकिन अब लग रहा है कि वह 150 सीट तक ही जाएगी। हर राज्य से हमें रिपोर्ट मिल रही है कि हमारी स्थिति मजबूत हो रही है और भाजपा के खिलाफ अदृश्य लहर (अंडर करंट) है।” उन्होंने कहा, “जहां तक उत्तर प्रदेश में गठबंधन की बात है तो हमारा गठबंधन बहुत शक्तिशाली है। हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा होगा।”

उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया
अखिलेश यादव ने ‘इंडिया’ गठबंधन को नयी उम्मीद करार दिया और कहा, “उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक भाजपा का सफाया होने जा रहा है।” उनका कहना था, “अगर हम सावधान रहकर मतदान करेंगे और अपने बूथ की चौकीदारी करेंगे तो भारतीय जनता पार्टी का सफाया होगा, देश की जनता बदलाव चाहती है और बदलाव की हवा उत्तर प्रदेश से चल रही है।”

सपा प्रमुख ने कहा कि जो 2014 में आए थे, वो 2024 में जा रहे हैं और उनकी बहुत शानदार विदाई होने जा रही है। उन्होंने दावा किया, “भाजपा की हर बात झूठी निकली। न किसान की आय दोगुनी हुई, न युवाओं को रोजगार मिला। विकास के वादे भी अधूरे हैं।” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “चुनावी बॉण्ड ने इनकी पोल खोल दी है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है।”

मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला
प्रधानमंत्री ने अगरतला की रैली में कहा, “कांग्रेस ने ‘लूट ईस्ट’ की नीति अपना रखी थी, वहीं भाजपा ने इसे ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में बदल दिया है।” मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत में गरीबों के लिए तीन करोड़ नए आवास बनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, “त्रिपुरा के लोगों को इससे बहुत फायदा मिलने जा रहा है।”

कांग्रेस और माकपा पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, “जांच एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर आलोचना करने वाले कांग्रेस के युवराज अब भ्रष्टाचार के आरोप में केरल के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। किसी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

पिछले 10 साल की अपनी सरकार की उपलब्धियों को केवल ‘ट्रेलर’ बताते हुए मोदी ने कहा कि अगर भाजपा तीसरी बार सत्ता में आती है तो बहुत सारे काम होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले पांच साल तक सभी वर्गों को बिना भेदभाव के मुफ्त राशन मिलता रहेगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)