landa

Loading

नई दिल्ली: एक बड़ी खबर के अनुसार बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के प्रमुख नेता और गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा (Lakhbir Singh Landa) को आखिरकार भारत सरकार ने आतंकवादी घोषित कर दिया है। गैरकानूनी गतिविधि अधिनियम के तहत यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया‌ है। 

कौन है लांडा

जानकारी दें  की मूल‌ रूप से पंजाब के तरनतारन जिले का रहने वाला लांडा वर्तमान में कनाडा के एडमोंटन, अल्बर्टा में रह रहा है। इतना ही नहीं लांडा, खालिस्तान समर्थक गतिविधियों में बड़ी संलिप्तता रखता है जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA में उसके खिलाफ जांच शुरू की थी। गृह मंत्रालय के अधिसूचना के अनुसार, लांडा पाकिस्तान से भारत में तस्करी किए जाने वाले हथियारों और IED डिवाइसों का मुख्य सूत्रधार है। उसके खिलाफ NIA ने पहले से कई मामले पहले से दर्ज कर रखे हैं।  

अपराधों की लंबी लिस्ट 

वहीं बीते 9 मई 2022 को पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर हुए रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) हमले का भी मास्टरमाइंड लांडा ही है। इतना ही नहीं वह कनाडा के खालिस्तान समर्थक तत्वों (PKE) के साथ भी जुड़ा हुआ है। उस पर पंजाब के साथ-साथ वह देश के विभिन्न हिस्सों में भी आंतकी मॉड्यूल को खड़े करने का आरोप है।  

इसके साथ साथ ही जबरन वसूली, हत्याएं, ब्लास्ट, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी करना भी उसकी कारस्तानी में शामिल है। लांडा के खिलाफ 2021 में लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था।  एनआईए ने उस पर 10 लाख इनाम भी कर रखा है।