
नई दिल्ली. इसरो (Indian Space Research Organisation) जल्द ही चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) लॉन्च की पुष्टि कर सकता है। इस बात की जानकारी इसरो पूर्व प्रमुख डॉ. के. सिवन (Former ISRO Chief Dr. Sivan) ने दी है। उन्होंने कहा कि, ISRO जल्द चंद्रयान-3 लॉन्च करने वाला है। इस मिशन के लिए चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर का ही इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यकीन जताया कि इस बार इसरो चंद्रयान-3 मिशन में सफल होगा।
चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर का होगा इस्तेमाल
डॉ. के. सिवन ने कहा, “जल्द ही इसरो चंद्रयान-3 के लॉन्च की पुष्टि करेगा, मुझे यकीन है कि इस बार हम सफल होंगे। इस मिशन के लिए चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर का इस्तेमाल किया जाएगा और यह किफायती होगा।”
Soon, ISRO will be able to confirm the Chandrayaan-3 launch; I'm sure this time we'll be successful. The orbiter of Chandrayaan-2 will be utilized for this mission… it'll be cost-effective: Former ISRO Chairman Dr K Sivan pic.twitter.com/Aq7MbmkO5z
— ANI (@ANI) March 25, 2022
प्रोजेक्ट्स पर पड़ा कोरोना का प्रभाव
ISRO के पूर्व प्रमुख ने कहा, “हमारे सभी प्रोजेक्ट्स पर कोरोना का प्रभाव पड़ा लेकिन साथ ही इसरो ने अपनी रणनीति पर काम किया, ताकि हम कठिन परिस्थितियों में भी प्रबंधन कर सकें। महामारी ने रॉकेट लॉन्च करने का एक नया तरीका दिया, जिसे हर मिशन में लागू किया जाएगा।”
तमिलनाडु में तैयार होगा लॉन्च पैड
वहीं, तमिलनाडु में 1200 एकड़ भूमि का अधिग्रहण के लिए इसरो को मंजूरी मिलने पर उन्होंने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि केंद्र सरकार और तमिलनाडु सरकार ने हमें कुलशेखरपट्टनम में भूमि अधिग्रहण के लिए मंजूरी दे दी है। यहां बहुत जल्द हम देश का दूसरा लॉन्च पैड स्थापित करने में सक्षम होंगे।”
चंद्रयान-2 हुआ था फेल
गौरतलब है कि भारत द्वारा चंद्रयान -1 के बाद अपने दूसरे चंद्र अन्वेषण मिशन ‘चंद्रयान-2’को 22 जुलाई, 2019 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था। चांद की सतह पर लैंडर और रोवर को उतारा जाना था लेकिन इसमें विफलता मिली थी।