
नई दिल्ली: ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास गोली लगने से मौत हो गई। अपोलो अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने 61 वर्ष की आयु में अपोलो अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले दिन में एक पुलिस अधिकारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दास को कथित तौर पर गोली मार दी। दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल ने एक बयान में कहा, ‘‘जख्मों का उपचार किया गया और हृदय की गति में सुधार के लिए कदम उठाए गए। गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उनका उपचार किया गया। लेकिन, तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।”
Odisha's Health and Family Welfare minister Naba Kishore Das dies of bullet injury: Apollo Hospital officials
— Press Trust of India (@PTI_News) January 29, 2023
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री नब दास के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि, नब किशोर दास के निधन से गहरा सदमा लगा है। वह सरकार और पार्टी दोनों के लिए एक संपत्ति थे। उनका निधन ओडिशा राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।
ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया, “सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चला दी। घटना में मंत्री घायल हुए हैं।” हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी एएसआई को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।एएसआई ने मंत्री पर गोली क्यों चलाई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि, यह घटना जिले के ब्रजराजनगर शहर में अपराह्न करीब एक बजे के आसपास उस समय हुई, जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। मंत्री को पहले झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें हवाई मार्ग से भुवनेश्वर के अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। दास पर हमले के बाद शहर में तनाव व्याप्त हो गया। मंत्री की समर्थकों ने उनकी सुरक्षा में चूक पर सवाल उठाए।
क्राइम ब्रांच को जांच के निर्देश
इस घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा था कि, अपराध शाखा को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मैं माननीय मंत्री नब दास पर हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हमले से स्तब्ध हूं। मैं उनपर हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के निर्देश दिए गए।”
आरोपी की पत्नी ने गहन जांच की मांग की
आरोपी गोपाल दास की पत्नी जयंती ने गंजाम जिले के बरहमपुर स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि उन्हें टेलीविजन चैनलों से जानकारी मिली है कि उनके पति ने मंत्री को गोली मारी है। उन्होंने बताया कि दास को गत सात-आठ साल से कुछ मानसिक समस्या है; वह दवा लेता है और सामान्य दिखता है। उन्होंने बताया कि उनके पति ने सुबह बेटी को वीडियो कॉल किया था। जयंती ने बताया कि दास की मंत्री से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उन्होंने सच्चाई सामने लाने के लिए गहन जांच की मांग की।