farmers-protest

Loading

नई दिल्ली: जहां एक तरफ संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की ओर से आहूत ‘भारत बंद’ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। वहीं हरियाणा में अंबाला के निकट शंभू सीमा पर प्रदर्शन कर रहे किसानों में शामिल 63 वर्षीय एक बुजुर्ग किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।  

मिली जानकारी के मुताबिक, ज्ञान सिंह ने सुबह छाती में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें पंजाब के राजपुरा में सिविल अस्पताल ले जाया गया।  वहां से उन्हें पटियाला के राजेन्द्र अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।  बताया गया कि, बुजुर्ग किसान पंजाब के गुरुदासपुर जिले से थे और किसानों के दिल्ली चलो मार्च में शामिल होने के लिए दो दिन पहले शंभू सीमा पहुंचे थे। 

वहीँ हरियाणा और पंजाब के शंभू बॉर्डर पर तैनात एक GRP के ASI की भी मौत हो गई। मृतक की पहचान हीरालाल (निवासी गांव चुलकाना, पानीपत) के रूप में हुई है। वह GRP समालखा पोस्ट पर तैनात था। पिछले दिनों किसान आंदोलन के चलते उनकी ड्यूटी अंबाला में थी। कथित तौर पर आंसू गैस से दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

जानकारी दें कि, आज यानी शुक्रवार को किसान आंदोलन का चौथा दिन है। वहीं दिल्ली और हरियाणा के बीच दो सीमाएं यातायात के लिए बंद हैं और वहां सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती की गई है। ऐसे में सीमा बंद होने के कारण यात्रियों को कुछ रास्तों से गुजरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली पुलिस अतिरिक्त निगरानी रख रही है और संसद तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की ओर जाने वाले रास्तों पर अवरोधक लगाए गए हैं।