
नई दिल्ली: देश में एक तरह कोरोना का प्रकोप जारी है तो दूसरी तरफ उत्तर भारत सहित कई राज्यों में शीतलहर का तांडव देखने को मिल रहा है। इन सब के बीच मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में घने से बहुत घना कोहरा रहने की आशंका जताई है। साथ ही राजस्थान में शीतलहर चलने की आशंका जताई है।
वहीं आईएमडी ने बिहार, झारखंड सहित कुछ राज्यों में हल्की या मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की तरफ से मंगलवार को जारी प्रेस रिलीज के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 4-5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने वाला है। जिसके चलते 14 जनवरी तक विदर्भ, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल सहित कुछ राज्यों में हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने तेलंगाना में 13 जनवरी तक बारिश की आशंका जताई है। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वी-उत्तर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चल रहा है। अगले तीन दिनों के भीतर उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान के 2-3 डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। साथ ही राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाया रह सकता है।