जाने क्या है देव प्रबोधिनी एकादशी का महत्व और पूजा की विधि

हिंदू धर्म में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष को देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह किया जाता है। इस एकादशी को हरि प्रबोधिनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी, देवउठनी एकादशी और देव प्रबोधिनी एकादशी के नाम से

Loading

हिंदू धर्म में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष को देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह किया जाता है। इस एकादशी को हरि प्रबोधिनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी, देवउठनी एकादशी और देव प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी सहित तुलसी पूजा का भी महत्व होता है। देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन देवी वृंदा को मिले वरदान की वजह से भगवान विष्णु ने शालिग्राम स्वरूप में तुलसी से विवाह किया था. इसी कारण से देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह उत्सव भी मनाया जाता है। 
 
इसके अलावा देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन चतुर्मास्य से लगे सभी प्रकार के शुभ कार्यों पर रोक खत्म हो जाती है और सभी प्रकार के शुभ कार्य आरंभ हो जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु नींद से जागते हैं।  इसलिए सभी भक्त इस दिन पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत करते हैं और पूरी रात जागरण करते हैं। 
 
धर्म पुराणों के अनुसार जो भी मनुष्य देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन पूरे पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ व्रत करके विष्णु भगवान की पूजा करता है उसे मृत्यु के बाद वैकुंठ धाम की प्राप्ति होती है। इसके अलावा देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन व्रत और पूजा करने से मनुष्य को सभी प्रकार के पापों से मुक्ति मिलती है। एकादशी के व्रत और पूजन करने से कुंडली में मौजूद चंद्र दोष भी दूर हो जाता है। 
 
तुलसी विवाह का विधि: एकादशी के दिन तुलसी के पौधे को लाल चुनरी पहनाकर पूरे गमले को लाल मंडप से सजाएं। इसके बाद शालिग्राम जी की मूर्ति को तुलसी की जड़ में रखें। अगर आपके पास शालिग्राम जी की मूर्ति नहीं है तो आप भगवान विष्णु की मूर्ति भी ले सकते हैं। विवाह के प्रारंभ में सबसे पहले गणेश पूजन के बाद गाजे-बाजे के साथ शालिग्राम जी की बारात उठती है। इसके बाद लोग नृत्य करते हुए तुलसी जी के समीप जाते हैं और विष्णु जी का आवाहन करते हैं। इसके बाद भगवान विष्णु या शालिग्राम जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाती है। विष्णु जी को पीला वस्त्र पहनाकर दही, शक्कर, घी आदि चढ़ाया जाता है। इसके बाद दूध और हल्दी का लेप लगाकर शालिग्राम और तुलसी जी को चढ़ाया जाता है। इसके बाद मंडप पूजन किया जाता है और विवाह की सभी रस्में निभाई जाती हैं। 
 
विष्णु पूजन विधि: देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन सुबह सूर्योदय से पहले स्नान करके भगवान विष्णु की पूजा का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद घर के आंगन में भगवान के चरणों की आकृति बनाएं और अपने मन में यह विश्वास रखें कि भगवान विष्णु इसी रास्ते से आपके घर में पधारे। इसके बाद फल फूल मिठाई आदि को एक डलिया में रखकर शाम के समय पूरे परिवार के साथ भगवान विष्णु की पूजा करें। शाम के समय विष्णु सहस्रनाम का पाठ करके शंख बजाकर विष्णु भगवान को आमंत्रण दे। इसके बाद पूरी रात श्रद्धा पूर्वक भगवान विष्णु के अलग-अलग नामों का जाप करें।
अगर आप माता लक्ष्मी को प्रसन्न करना चाहते हैं तो देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन श्री सूक्त का पाठ करें। ऐसा करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी प्रसन्न हो जाते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। देव प्रबोधिनी एकादशी के दिन घर में चावल नहीं बनाना चाहिए। इस दिन घर का वातावरण पूरी तरह से सात्विक रखना चाहिए। इस दिन घर के सभी लोगों को फलाहारी व्रत करना चाहिए। इसके अलावा इस दिन धूम्रपान या कोई भी नशा नहीं करना चाहिए। पूरी तरह से श्रद्धा और आस्था के साथ देव प्रबोधिनी एकादशी का व्रत रखने से भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है और मनुष्य को सभी प्रकार के कष्टों से छुटकारा मिल जाता है। इस व्रत को रखने से घर में खुशियां आती है। 
 
देव प्रबोधिनी एकादशी के बारे में दो कथा-
 
पहली कथा- एक राजा के राज्य में सभी लोग एकादशी का व्रत रखते थे। प्रजा तथा नौकर-चाकरों से लेकर पशुओं तक को एकादशी के दिन अन्न नहीं दिया जाता था। एक दिन किसी दूसरे राज्य का एक व्यक्ति राजा के पास आकर बोला- महाराज! कृपा करके मुझे नौकरी पर रख लें। तब राजा ने उसके सामने एक शर्त रखी कि ठीक है, रख लेते हैं। किन्तु रोज तो तुम्हें खाने को सब कुछ मिलेगा, पर एकादशी को अन्न नहीं मिलेगा। उस व्यक्ति ने उस समय ‘हां’ कर ली, पर एकादशी के दिन जब उसे फलाहार का सामान दिया गया तो वह राजा के सामने जाकर गिड़गिड़ाने लगा- महाराज! इससे मेरा पेट नहीं भरेगा। मैं भूखा ही मर जाऊंगा। मुझे अन्न दे दो।
राजा ने उसे शर्त की बात याद दिलाई, पर वह अन्न छोड़ने को राजी नहीं हुआ, तब राजा ने उसे आटा-दाल-चावल आदि दिए। वह नित्य की तरह नदी पर पहुंचा और स्नान कर भोजन पकाने लगा। जब भोजन बन गया तो वह भगवान को बुलाने लगा- आओ भगवान! भोजन तैयार है। उसके बुलाने पर पीताम्बर धारण किए भगवान चतुर्भुज रूप में आ पहुंचे तथा प्रेम से उसके साथ भोजन करने लगे। भोजनादि करके भगवान अंतर्धान हो गए तथा वह अपने काम पर चला गया।
 
पंद्रह दिन बाद अगली एकादशी को वह राजा से कहने लगा कि महाराज, मुझे दुगुना सामान दीजिए। उस दिन तो मैं भूखा ही रह गया। राजा ने कारण पूछा तो उसने बताया कि हमारे साथ भगवान भी खाते हैं। इसीलिए हम दोनों के लिए ये सामान पूरा नहीं होता। यह सुनकर राजा को बड़ा आश्चर्य हुआ। वह बोला- मैं नहीं मान सकता कि भगवान तुम्हारे साथ खाते हैं। मैं तो इतना व्रत रखता हूं, पूजा करता हूं, पर भगवान ने मुझे कभी दर्शन नहीं दिए।
 
राजा की बात सुनकर वह बोला- महाराज! यदि विश्वास न हो तो साथ चलकर देख लें। राजा एक पेड़ के पीछे छिपकर बैठ गया। उस व्यक्ति ने भोजन बनाया तथा भगवान को शाम तक पुकारता रहा, परंतु भगवान न आए। अंत में उसने कहा- हे भगवान! यदि आप नहीं आए तो मैं नदी में कूदकर प्राण त्याग दूंगा। लेकिन भगवान नहीं आए, तब वह प्राण त्यागने के उद्देश्य से नदी की तरफ बढ़ा। प्राण त्यागने का उसका दृढ़ इरादा जान शीघ्र ही भगवान ने प्रकट होकर उसे रोक लिया और साथ बैठकर भोजन करने लगे। खा-पीकर वे उसे अपने विमान में बिठाकर अपने धाम ले गए। यह देख राजा ने सोचा कि व्रत-उपवास से तब तक कोई फायदा नहीं होता, जब तक मन शुद्ध न हो। इससे राजा को ज्ञान मिला। वह भी मन से व्रत-उपवास करने लगा और अंत में स्वर्ग को प्राप्त हुआ।
 
दूसरी कथा- एक राजा था। उसके राज्य में प्रजा सुखी थी। एकादशी को कोई भी अन्न नहीं बेचता था। सभी फलाहार करते थे। एक बार भगवान ने राजा की परीक्षा लेनी चाही। भगवान ने एक सुंदरी का रूप धारण किया तथा सड़क पर बैठ गए। तभी राजा उधर से निकला और सुंदरी को देख चकित रह गया। उसने पूछा- हे सुंदरी! तुम कौन हो और इस तरह यहां क्यों बैठी हो? तब सुंदर स्त्री बने भगवान बोले- मैं निराश्रिता हूं। नगर में मेरा कोई जाना-पहचाना नहीं है, किससे सहायता मांगू? राजा उसके रूप पर मोहित हो गया था। वह बोला- तुम मेरे महल में चलकर मेरी रानी बनकर रहो।
 
सुंदरी बोली- मैं तुम्हारी बात मानूंगी, पर तुम्हें राज्य का अधिकार मुझे सौंपना होगा। राज्य पर मेरा पूर्ण अधिकार होगा। मैं जो भी बनाऊंगी, तुम्हें खाना होगा। राजा उसके रूप पर मोहित था, अतः उसकी सभी शर्तें स्वीकार कर लीं। अगले दिन एकादशी थी। रानी ने हुक्म दिया कि बाजारों में अन्य दिनों की तरह अन्न बेचा जाए। उसने घर में मांस-मछली आदि पकवाए तथा परोस कर राजा से खाने के लिए कहा। यह देखकर राजा बोला- रानी! आज एकादशी है। मैं तो केवल फलाहार ही करूंगा।
तब रानी ने शर्त की याद दिलाई और बोली- या तो खाना खाओ, नहीं तो मैं बड़े राजकुमार का सिर काट दूंगी। राजा ने अपनी स्थिति बड़ी रानी से कही तो बड़ी रानी बोली- महाराज! धर्म न छोड़ें, बड़े राजकुमार का सिर दे दें। पुत्र तो फिर मिल जाएगा, पर धर्म नहीं मिलेगा। इसी दौरान बड़ा राजकुमार खेलकर आ गया। मां की आंखों में आंसू देखकर वह रोने का कारण पूछने लगा तो मां ने उसे सारी वस्तुस्थिति बता दी। तब वह बोला- मैं सिर देने के लिए तैयार हूं। पिताजी के धर्म की रक्षा होगी, जरूर होगी।
 
राजा दुःखी मन से राजकुमार का सिर देने को तैयार हुआ तो रानी के रूप से भगवान विष्णु ने प्रकट होकर असली बात बताई- राजन! तुम इस कठिन परीक्षा में पास हुए। भगवान ने प्रसन्न मन से राजा से वर मांगने को कहा तो राजा बोला- आपका दिया सब कुछ है। हमारा उद्धार करें। उसी समय वहां एक विमान उतरा। राजा ने अपना राज्य पुत्र को सौंप दिया और विमान में बैठकर परम धाम को चला गया।