local train accident
Representative Photo

    Loading

    मुंबई. मुंबई और उपनगरों में कोरोना संक्रमण (Corona Infection) की दूसरी लहर (Second Wave) को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा घोषित विकेंड लॉकडाउन (Weekend Lockdown) के बाद सोमवार को फिर से लोकल ट्रेन (Local Train) में थोड़ी भीड़ दिखी। राज्य सरकार द्वारा पिछले सप्ताह निजी कार्यालयों, प्रतिष्ठानों को बंद रखने और सरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत उपस्थिति का निर्देश दिए जाने का असर लोकल की भीड़ पर पड़ा है। मुंबई की लाइफलाइफ (Mumbai Lifelife) कही जाने वाली लोकल ट्रेन में भीड़ अपेक्षाकृत कम हो गई है। 

    पूर्ण लॉकडाउन होने के वजह से  पश्चिम और मध्य रेलवे की लोकल से रविवार को मात्र 5 से 6 लाख लोगों ने यात्रा की, परन्तु सोमवार को यह संख्या कई गुना बढ़ गई। वैसे अन्य दिनों 35 से 40 लाख लोग यात्रा कर रहे थे।

    95 प्रतिशत लोकल का संचालन

    मुंबई सहित उपनगरों में कोरोना की दूसरी लहर के बाद राज्य सरकार के ‘ब्रेक द चेन’ अभियान  का असर दिख रहा है। लोकल ट्रेन की सेवाएं आम लोगों के लिए  सुबह 7 बजे तक, फिर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक और रात 9  बजे से सेवा समाप्ति तक उपलब्ध कराई गईं हैं। बताया गया कि पिछले सप्ताह तक मुंबई लोकल से रोजाना 45 से 48 लाख लोग यात्रा कर रहे थे, पिछले दिनों में यह संख्या घट कर 35 से 38 लाख प्रतिदिन हो गई। शनिवार-रविवार को तो 9 से 10 लाख लोगों ने लोकल से यात्रा की। अब सोमवार से भीड़ थोड़ी बढ़ी है। पश्चिम रेलवे की लोकल से इस समय 14 लाख से कम लोग यात्रा कर रहे हैं, जबकि मध्य रेलवे की लोकल में यात्रियों की संख्या घट कर 20  लाख के नीचे आ गई है। हालांकि पिक आवर भीड़ दिखाई दे रही है।  रेल प्रशासन द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन एवं मास्क पहन कर यात्रा की अपील की जा रही है। बड़ी संख्या में पोस्टर आदि जारी किए गए हैं। 

    मास्क न पहनने वाले यात्रियों के खिलाफ हो रही है कार्रवाई

    मध्य और पश्चिम रेलवे के अनुसार बीएमसी के सहयोग से मास्क न पहनने वाले यात्रियों के खिलाफ रोजाना दंडात्मक कार्रवाई भी हो रही है। शर्तों के अनुसार सभी के लिए मुम्बई उपनगर नेटवर्क पर 2,985 लोकल ट्रेन चल रही हैं, जो कुल सेवाओं का करीब 95 प्रतिशत है।