Suryakumar Yadav ICC Cricket of the year in t20 format
सूर्यकुमार यादव (PIC Credit: Social Media)

Loading

दुबई: भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को बुधवार को आईसीसी के पुरुष ‘टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ (ICC Cricket Of The Year) के लिए चार नामांकन में शामिल किया गया। भारत (Team India) के इस 33 साल के खिलाड़ी ने 2022 में यह पुरस्कार जीता था। वर्ष 2023 में सूर्यकुमार ने दबदबा बनाते हुए 17 पारियों में 48.86 के औसत और 155.95 के स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाये हैं।  

सूर्यकुमार ने 2023 की शुरूआत श्रीलंका के खिलाफ महज सात रन से की लेकिन इसके बाद अगले दो मैच में 51 (36 गेंद) और नाबाद 112 (51 गेंद) रन की पारियां खेलीं। सूर्यकुमार की 51 गेंद में नाबाद 112 रन की पारी में नौ छक्के और सात चौके जड़े थे जिससे उन्होंने लगभग तीन गेंद में एक बार बाउंड्री लगायी। इससे वह भारत के लिए पुरुष टी20 मैचों में रोहित शर्मा के बाद दूसरे सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गये। रोहित ने इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 2017 में 35 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की थी।  

फिर उनका 20 से 40 रन का स्कोर बनाना जारी रहा जिसके बाद प्रोविडेंस में वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 गेंद में 83 रन की पारी ने उनकी ‘क्लास’ साबित की। उन्होंने फिर फ्लोरिडा में वेस्टइंडीज के खिलाफ 45 गेंद में 61 रन बनाकर श्रृंखला का समापन किया। कप्तानी के बोझ के बावजूद सूर्यकुमार के बल्ले से रन निकलने जारी रहे। उन्होंने साल के अंत में युवा भारतीय टीम की जिम्मेदारी संभाली थी।  

उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 42 गेंद में 80 रन, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 36 गेंद में 56 रन और फिर जोहानिसबर्ग में साल के अंतिम टी20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 56 गेंद में 100 रन बनाये। इस पुरस्कार के नामांकन में तीन अन्य खिलाड़ी जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (11 पारियों में 515 रन, 17 विकेट), यूगांडा के अल्पेश रामजानी (55 विकेट) और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन (17 पारियों में 556 रन) शामिल हैं। (एजेंसी)